तत्काल टिकट के लिए रेलवे ने किया बड़ा बदलाव, आज से अब नहीं होगी धक्का-मुक्की! जानिए पूरे नियम
Indian Railways Tatkal Booking: भारतीय रेलवे ने 1 अगस्त से यात्रियों की सुविधा के लिए रिजर्वेशन (PRS) काउंटरों पर नया टोकन-बेस्ड सिस्टम लागू कर दिया है।....
Indian Railways Tatkal Booking: भारतीय रेलवे ने 1 अगस्त से यात्रियों की सुविधा के लिए रिजर्वेशन (PRS) काउंटरों पर नया टोकन-बेस्ड सिस्टम लागू कर दिया है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान लगने वाली लंबी कतारों को कम करना और यात्रियों का इंतजार घटाना है। अब काउंटर से तत्काल टिकट लेने के लिए पहले टोकन लेना अनिवार्य होगा। टोकन मिलने के बाद यात्री को उसी पर दिए गए निर्धारित समय पर पहुंचकर अपनी टिकट बुक करानी होगी। रेलवे का मानना है कि इससे भीड़ का बेहतर प्रबंधन होगा और टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले से अधिक सुव्यवस्थित बनेगी।
नई व्यवस्था के तहत रेलवे ने यात्रियों को अलग-अलग श्रेणियों में भी विभाजित किया है। जो यात्री अपने या अपने परिवार के सदस्यों के लिए टिकट बुक कराएंगे, उन्हें कैटेगरी-A में रखा जाएगा और काउंटर खुलने के बाद सबसे पहले इन्हीं यात्रियों की टिकट बुक की जाएगी। साथ ही, जिस व्यक्ति के नाम पर टोकन जारी होगा, उसी को टिकट बुक कराने की अनुमति मिलेगी। टिकट बुकिंग के समय आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र दिखाना भी अब अनिवार्य कर दिया गया है।
तत्काल टिकट के लिए भी समय और टोकन की संख्या तय कर दी गई है। एसी तत्काल टिकट के लिए सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे के बीच टोकन दिए जाएंगे और इसके लिए केवल 10 टोकन जारी किए जाएंगे। वहीं स्लीपर और नॉन-एसी तत्काल टिकट के लिए सुबह 9:00 बजे से 9:30 बजे तक टोकन मिलेंगे, जिनकी संख्या 15 होगी। निर्धारित टोकन समाप्त होने के बाद उसी दिन नए टोकन जारी नहीं किए जाएंगे।
यात्रियों को एक और बड़ी सुविधा देते हुए रेलवे ने 31 जुलाई 2026 से अतिरिक्त सामान (एक्स्ट्रा लगेज) की ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू कर दी है। अब अतिरिक्त सामान बुक कराने के लिए स्टेशन के पार्सल कार्यालय में लंबी लाइन लगाने की जरूरत नहीं होगी। कन्फर्म टिकट वाले यात्री ऑनलाइन माध्यम से अतिरिक्त लगेज बुक कर सकेंगे। इसके लिए सामान्य लगेज शुल्क का 1.5 गुना शुल्क देना होगा।
रेलवे के नियमों के अनुसार, फर्स्ट एसी यात्री 70 किलोग्राम, सेकेंड एसी 50 किलोग्राम, थर्ड एसी और स्लीपर 40 किलोग्राम तथा जनरल श्रेणी के यात्री 35 किलोग्राम तक सामान मुफ्त ले जा सकते हैं। इससे अधिक वजन होने पर अतिरिक्त शुल्क देकर ऑनलाइन लगेज बुकिंग करानी होगी। रेलवे का कहना है कि ये बदलाव यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, तेज़ और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।