Bihar News : जीतनराम मांझी के नेतृत्व में होगी बिहार में औद्योगिक क्रांति, पहली बार खुलेगा MSME टेक्नोलॉजी सेंटर, इन 4 जिलों में होगा एक्सटेंशन सेंटर

Bihar News :मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व में बिहार औद्योगिक विकास के एक नए और स्वर्णिम दौर में प्रवेश कर रहा है.....पढ़िए आगे

बिहार में औद्योगिक क्रांति- फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व में बिहार औद्योगिक विकास के एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है। पहली बार बिहार में अत्याधुनिक एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर की स्थापना हो रही है, जो राज्य के युवाओं, स्टार्टअप, कारीगरों एवं लघु उद्यमियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा और मुंगेर में एक्सटेंशन सेंटर की शुरुआत से तकनीकी सेवाएँ अब केवल राजधानी तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि पूरे बिहार के उद्यमियों तक पहुँचेंगी।

डॉ. सुमन ने कहा कि वर्षों तक बिहार के युवाओं और उद्यमियों को आधुनिक मशीनों, डिजाइन, परीक्षण, उत्पाद विकास तथा तकनीकी प्रशिक्षण के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था। अब यह सुविधा बिहार में ही उपलब्ध होगी। इससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की लागत घटेगी, उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ेगी तथा स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि छोटे उद्यमियों को तकनीक, प्रशिक्षण, गुणवत्ता प्रमाणन, विपणन और सरकारी खरीद  से जोड़ना है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के उद्यमियों को विशेष अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी मंत्रालय उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।

डॉ. सुमन ने कहा कि आज एमएसएमई क्षेत्र देश के करोड़ों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने वाला सबसे बड़ा क्षेत्र बन चुका है। ऐसे समय में बिहार में टेक्नोलॉजी सेंटर और एक्सटेंशन सेंटर की स्थापना राज्य के औद्योगिक भविष्य को नई दिशा देने वाला कदम है। इससे युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और "मेक इन बिहार" की अवधारणा को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पूरे देश के साथ साथ बिहार की धरती पर प्रभावी रूप से आगे बढ़ा रहे हैं। बिहार के छोटे उद्यमियों को अब अपने उत्पादों के विकास, गुणवत्ता सुधार, आधुनिक तकनीक और बाजार तक पहुँच के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। यह बिहार की औद्योगिक प्रगति और रोजगार सृजन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। डॉ. सुमन ने केंद्रीय मंत्री श्री जीतन राम मांझी एवं बिहार सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में बिहार देश के प्रमुख एमएसएमई राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।