गौरव राय की प्रेरणा से सामाजिक सशक्तिकरण की मिसाल बने राजेश, सालगिरह पर जरूरतमंद महिला को भेंट की सिलाई मशीन

Gaurav Rai- फोटो : news4nation

Bihar News : सामाजिक सशक्तिकरण और आर्थिक सबलीकरण के नायक बने गौरव राय की पहल को अब कई सामाजिक लोगों का सहयोग मिलने लगा है। उनके अभियान से जुड़कर लोग अपने पारिवारिक खास अवसरों को सेवा के माध्यम में बदल रहे हैं। इसी कड़ी में मोकामा निवासी राजेश कुमार मनोज ने अपनी शादी की सालगिरह के मौके पर एक जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन भेंट की। यह मशीन मनेर की रहने वाली जूली शर्मा को पटना में दी गई, ताकि वह स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बन सकें।



यह सिलाई मशीन भूमिहार महिला समाज की भावना भूषण और रामनिवास द्वारा प्रदान की गई। इस अवसर पर भावना भूषण ने बताया कि गौरव राय के इस अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर सहयोग मिल रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।



गौरव राय ने जानकारी दी कि इस पहल के तहत अब तक बिहार में 294 सिलाई मशीनों का वितरण जरूरतमंदों के बीच किया जा चुका है। इसके साथ ही लोगों के सहयोग से 152 सैनिट्री वेंडिंग मशीनें स्कूलों और कॉलेजों में स्थापित की गई हैं, जबकि 329 जरूरतमंदों को साइकिल भी उपलब्ध कराई गई है।



उन्होंने बताया कि अब लोग स्वेच्छा से अपने परिवार के शुभ अवसरों जैसे जन्मदिन, शादी की सालगिरह या पुण्यतिथि पर इस अभियान से जुड़कर जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। यह पहल न केवल जरूरतमंदों को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा दे रही है।