पटना में अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ : तीन रैपिडो चालक गिरफ्तार, खातों से 25 करोड़ के ट्रांजेक्शन

पटना साइबर थाना पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन रैपिडो चालकों को गिरफ्तार किया है। इन चालको के खाते में ही ठगी के पैसे मंगाए जाते थे.....

पटना में अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का खुलासा- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना साइबर थाना पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन रैपिडो चालकों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि साइबर ठग इन चालकों को प्यादे की तरह इस्तेमाल करते थे और उनके बैंक खातों को किराए पर लेकर ठगी का पैसा मंगाते थे। बदले में चालकों को हर एक ट्रांजेक्शन पर 3 से 5 हजार रुपये का कमीशन दिया जाता था।


जांच में 25 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा 

पुलिस की प्राथमिक जांच में आरोपियों के बैंक खातों से करीब 25 करोड़ रुपये के साइबर ठगी से जुड़े भारी भरकम लेन-देन की जानकारी मिली है। पटना साइबर थाना की डीएसपी सह थानाध्यक्ष संगीता कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों के NCRP (National Cyber Crime Reporting Portal) पर साइबर अपराध से जुड़ी दर्जनों शिकायतें पहले से दर्ज हैं।


गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान 

मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान प्रभाकर, अमित और दीपक के रूप में हुई है। ये तीनों मुख्य रूप से रैपिडो बाइक चलाने का काम करते थे और लालच में आकर अपने और दूसरों के बैंक खाते फर्जी लेन-देन के लिए ठगों को मुहैया कराते थे।


मुख्य सरगना और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी 

साइबर थाना की विशेष पुलिस टीम अब गिरोह के मुख्य सरगनाओं, मास्टरमाइंड और अन्य सदस्यों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इसके साथ ही पुलिस इस बात की भी पड़ताल में जुटी है कि पटना और बिहार के अन्य जिलों में इस नेटवर्क के तार और कितने लोगों से जुड़े हुए हैं।


आम जनता और चालकों से साइबर पुलिस की अपील 

पटना पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर डिलीवरी बॉय और बाइक टैक्सी चालकों से अपील की है कि वे थोड़े से पैसे के लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या यूपीआई किसी भी अनजान व्यक्ति को किराए पर न दें। ऐसा करना कानूनन अपराध है और इसमें सीधी संलिप्तता पाए जाने पर सख्त जेल की सजा हो सकती है।


अनिल की रिपोर्ट