IPS Diksha Transfer: बिहार कैडर से मुक्त हुईं IPS दीक्षा, अब इस कैडर में देंगी सेवाएं

पटना के City SP (सेंट्रल) पद पर तैनात आईपीएस (IPS) अधिकारी दीक्षा अब बिहार राज्य छोड़ रही हैं। केंद्र सरकार ने उन्हें आधिकारिक तौर पर बिहार कैडर से मुक्त कर दिया है।

बिहार कैडर से मुक्त हुईं IPS दीक्षा- फोटो : Reporter

बिहार कैडर की 2021 बैच की तेजतर्रार आईपीएस (IPS) अधिकारी दीक्षा अब बिहार राज्य छोड़ रही हैं। केंद्र सरकार ने उन्हें आधिकारिक तौर पर बिहार कैडर से मुक्त कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा जारी एक हालिया अधिसूचना के अनुसार, आईपीएस दीक्षा का तबादला अब एजीएमयूटी (AGMUT - अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर में कर दिया गया है।


ट्रांसफर के पीछे की मुख्य वजह

आईपीएस दीक्षा के इस अचानक हुए इंटर-कैडर (अंतर-कैडर) तबादले के पीछे कोई राजनीतिक, प्रशासनिक या विवादास्पद कारण नहीं हैं। गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, उनका यह ट्रांसफर पूरी तरह से शादी के आधार पर (Marriage Ground) किया गया है। अखिल भारतीय सेवाओं (All India Services) के नियमों के तहत अधिकारियों को शादी के आधार पर अपना कैडर बदलने की अनुमति मिलती है।


IPS द्वारका गांधी से हुई है शादी

आईपीएस दीक्षा की शादी द्वारका गांधी से हुई है, जो खुद एजीएमयूटी (AGMUT) कैडर के 2022 बैच के एक आईपीएस अधिकारी हैं। द्वारका गांधी मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के जम्मू जिले के सीमावर्ती गांव चक शिबू के रहने वाले है। बालक नाथ के सुपुत्र द्वारका गांधी का परिवार बिश्नाह वार्ड नंबर 3 में रहता हैं। यूपीएससी की परीक्षा में 412वां रैंक हासिल कर IPS बने द्वारका वर्तमान में उनकी पोस्टिंग मिजोरम के आइजोल दक्षिण में एसडीपीओ (SDPO) के पद पर है, और वे वहीं अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


सेवा नियमों के तहत लिया गया फैसला

अखिल भारतीय सेवाओं को नियंत्रित करने वाले दिशानिर्देशों और नियमों के अनुसार, जब दो सेवा अधिकारी आपस में शादी करते हैं, तो वे एक ही कैडर में साथ रहने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसी नियम के तहत आईपीएस दीक्षा का तबादला उनके पति के कैडर यानी AGMUT में किया गया है, ताकि दोनों अधिकारी एक ही क्षेत्र में रहकर अपनी सेवाएं दे सकें।