Bihar Police Subordinate Services Commission: जेएस गंगवार बने बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अध्यक्ष, केएस द्विवेदी को किया गया पदमुक्त, अधिसूचना जारी

Bihar Police Subordinate Services Commission: बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में एक अहम प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी जे०एस० गंगवार को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। ..

जेएस गंगवार बने बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अध्यक्ष- फोटो : reporter

Bihar Police Subordinate Services Commission: बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में एक अहम प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी जे०एस० गंगवार को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में जारी आदेश के मुताबिक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के महानिदेशक जे एस  गंगवार अपने मौजूदा दायित्वों के साथ-साथ अगले आदेश तक बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। 

सरकार ने यह फैसला बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के तहत लिया है। अधिनियम की धारा 3 की उपधारा (i) में प्रदत्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए जे०एस० गंगवार को आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है। इस फैसले के साथ ही आयोग के नेतृत्व में बदलाव की औपचारिक प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। आदेश के तहत आयोग के निवर्तमान अध्यक्ष के०एस० द्विवेदी, जो वर्ष 1984 बैच के सेवानिवृत्त भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं, को उनके पद से मुक्त कर दिया गया है। उनकी पदमुक्ति बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग अधिनियम, 2016 की धारा 4 के परंतुक के तहत की गई है।

 इस प्रशासनिक निर्णय के बाद अब आयोग की कमान जे एस गंगवार के हाथों में होगी। गौरतलब है कि बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग राज्य में पुलिस अवर निरीक्षक सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की चयन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में आयोग के अध्यक्ष के रूप में गंगवार की नई जिम्मेदारी को पुलिस भर्ती व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि, सरकारी आदेश में उनके अतिरिक्त प्रभार की अवधि अगले आदेश तक निर्धारित की गई है। यानी फिलहाल वह महानिदेशक के मूल दायित्वों का निर्वहन करते हुए आयोग के कामकाज की निगरानी भी करेंगे।

रिपोर्ट- पुष्कर प्रवीण