'भाजपा सरकार को बदनाम करने लिए लड़कियों से छेड़खानी का वीडियो किया वायरल', मंत्री दिलीप जायसवाल ने गजब तर्क
दिलीप जायसवाल ने कहा कि दोनों घटनाओं में छेड़खानी के वीडियो सामने आए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि सरकार को बदनाम करने के लिए जानबूझकर वीडियो वायरल किए जा सकते हैं।
Bihar Molestation News : बिहार में लड़कियों से सरेराह छेड़खानी और उसके वीडियो वायरल होने की घटनाओं को लेकर जहां आम लोगों में नाराजगी है, वहीं बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने गुरूवार को इन घटनाओं में साजिश का एंगल तलाशने की बात कही है। उन्होंने जमुई और समस्तीपुर में सामने आए मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी लड़की के साथ छेड़खानी करता है तो वह उसका वीडियो बनाकर वायरल क्यों करेगा? वीडियो वायरल होने से आरोपी की पहचान सामने आएगी और उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। ऐसे में इन मामलों में वीडियो वायरल किए जाने के पीछे किसी साजिश की भी जांच होनी चाहिए।
दिलीप जायसवाल ने कहा कि दोनों घटनाओं में छेड़खानी के वीडियो सामने आए हैं। इसलिए पुलिस को घटना की जांच के साथ-साथ इस पहलू को भी देखना चाहिए कि वीडियो किसने बनाया और इसे वायरल करने के पीछे क्या उद्देश्य था। उन्होंने आशंका जताई कि सरकार को बदनाम करने के लिए जानबूझकर वीडियो वायरल किए जा सकते हैं।
हालांकि मंत्री ने यह भी कहा कि छेड़खानी जैसी घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि अपराध करने वाला व्यक्ति खुद घटना का वीडियो वायरल क्यों करेगा। उनके मुताबिक, इस पहलू की भी जांच जरूरी है।
अनिल यादव को गोली मारने की घटना पर भी बोले
पटना में पूर्व पार्षद अनिल यादव को गोली मारे जाने की घटना पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि अपराध की घटनाएं अलग-अलग परिस्थितियों में होती हैं। उनके मुताबिक, कुछ घटनाएं कानून-व्यवस्था से जुड़ी होती हैं, जबकि कुछ घटनाएं आपसी विवाद का परिणाम होती हैं। उन्होंने अनिल यादव पर गोलीबारी की घटना को आपसी विवाद से जुड़ा मामला बताया। मंत्री ने कहा कि घटना के बाद पुलिस कार्रवाई कर रही है और सरकार के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने इस घटना को सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था की स्थिति से जोड़ने से इनकार किया।
विपक्ष के आरोपों पर भी साधा निशाना
बिहार में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष द्वारा सरकार के इकबाल और सुशासन पर सवाल उठाए जाने पर भी दिलीप जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विपक्ष पर केवल बयानबाजी कर राजनीति करने का आरोप लगाया। जायसवाल ने कहा कि जिन घटनाओं में मामले दर्ज हुए हैं, उनमें पुलिस कार्रवाई भी हुई है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अंधे को आँख मिलने वाली ख़ुशी की तरह विपक्ष का इन घटनाओं पर सरकार पर हमला करना है।
क्या हुआ था जमुई और समस्तीपुर में?
जमुई में एक लड़की के साथ सरेराह छेड़खानी का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया था। इसी तरह समस्तीपुर में भी सड़क पर लड़की के साथ छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। दोनों मामलों में वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और आरोपियों की पहचान तथा घटना की जांच की जा रही है।
अभिजीत की रिपोर्ट