जदयू में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, कई राज्यों के प्रभारी बदले, निशांत के डिप्टी सीएम बनने पर बड़ी घोषणा

जदयू ने संगठनात्मक बदलाव के तहत एक साथ कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है, इसमें पार्टी के उपाध्यक्ष सहित महासचिव और सचिव के पद भी शामिल हैं. इसमें कई राज्यों के प्रभारी के रूप में बड़ी घोषणा की गई है

JDU Organizational Reshuffle- फोटो : news4nation

JDU :  जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने संगठन को मजबूत करने और दूसरे राज्यों में पार्टी का विस्तार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी की ओर से मंगलवार को राष्ट्रीय स्तर पर कई नेताओं को नई सांगठनिक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव के पदों पर नियुक्तियों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के प्रभारी भी तय किए गए हैं।


जारी सूची के अनुसार, पूर्व सांसद देवेंद्र प्रसाद यादव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। बिहार विधान परिषद के सदस्य आफाक अहमद खान को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। उनके जिम्मे पार्टी मुख्यालय, उत्तर-पूर्व और जम्मू-कश्मीर का दायित्व रहेगा। विधायक श्याम रजक को महाराष्ट्र और रामसेवक सिंह को झारखंड का प्रभारी बनाया गया है। पूर्व विधायक राकेश सिंह कुशवाहा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।


पूर्व सांसद कहकिशन परवीनको महिला विंग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पूर्व विधायक सुनील कुमार को दिल्ली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूर्व सांसद मौलाना गुलाम रसूल बलियावी को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का दायित्व दिया गया है। राज सिंह मान को हरियाणा, मनीष कुमार वर्मा को ओडिशा और हरविंद्र सिंह को गोवा की जिम्मेदारी मिली है। राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद को मीडिया प्रकोष्ठ का दायित्व सौंपा गया है।


इसके अलावा रविंद्र प्रसाद सिंह को छत्तीसगढ़, विद्यासागर निषाद को मध्य प्रदेश, दयानंद राय को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, संजय कुमार को कर्नाटक, मोहम्मद निसार को तमिलनाडु, शैलेंद्र कुमार को पंजाब, रूही तागुंग को असम और संतोष तिवारी को पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है। निवेदिता कुमारी को महिला विंग का सह-प्रभारी बनाया गया है।


दिल्ली और मध्य प्रदेश में भी बदलाव

संगठनात्मक बदलाव के तहत शैलेंद्र कुमार को दिल्ली इकाई के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी से मुक्त कर राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें पंजाब राज्य इकाई का प्रभारी भी बनाया गया है। वहीं कमलेश राय को तत्काल प्रभाव से दिल्ली इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सुधीर बांका को मध्य प्रदेश राज्य इकाई का अध्यक्ष बनाया गया है।

राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट भी नियुक्त

राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा पार्टी ने उत्तर प्रदेश में श्रवण कुमार को, उत्तर-पूर्व में अनिल प्रसाद हेगड़े को सह-प्रभारी बनाया है। पूर्व विधायक अशोक राम को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट के रूप में निखिल मंडल, विधायक कोमल सिंह और शालिनी पटेल को भी जिम्मेदारी दी है।


निशांत बनेंगे डिप्टी सीएम
वहीं बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को निशांत के उप मुख्यमंत्री बनाये जाने पर बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार सब लोगों की इच्छा से आगे बढ़ रहे हैं और अगर वह सरकार में कोई बड़ी जिम्मेदारी संभालते हैं तो इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं होगी।