बिहार एमएलसी चुनाव: जेडीयू ने ठोकी बड़ी दावेदारी, निशांत सहित इन सबको टिकट देंगे नीतीश कुमार, भाजपा की बढ़ेगी टेंशन
18 जून को बिहार में 10 सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव के पहले जदयू की बड़ी दावेदारी से भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं क्योंकि एनडीए के सभी घटक दलों ने इस चुनाव में सीटों पर दावा ठोका है.
Bihar MLC Election : बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को जेडीयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने कहा कि एनडीए गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर पार्टी की स्थिति स्पष्ट है। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने साफ कर दिया है कि वह अपने हिस्से की चार सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। वहीं बाकी छह सीटों पर एनडीए के किस घटक दल को मौका मिलेगा, इसका फैसला भाजपा को करना है।
श्रवण कुमार ने कहा कि विधान परिषद की कुल 10 सीटों पर चुनाव होना है, जिसमें एक सीट उपचुनाव की है। जेडीयू अपने कोटे की चार सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत भी एमएलसी बनेंगे। वे फ़िलहाल राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हैं लेकिन किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं, ऐसे में मंत्री बने रहने के लिए उनका एमएलसी बनना जरूरी है। श्रवण कुमार ने संकेत दिया कि शेष 6 सीटों को लेकर भाजपा को सहयोगी दलों के बीच संतुलन बनाना होगा।
एनडीए में बड़ी चुनौती
दरअसल, एनडीए के भीतर सीटों को लेकर कई सहयोगी दल दावेदारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में शामिल दीपक प्रकाश फिलहाल किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। मंत्री पद पर बने रहने के लिए उनका विधान परिषद का सदस्य बनना जरूरी है। वहीं, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी भी अपनी पार्टी के लिए एक सीट की मांग कर चुके हैं। इसके अलावा चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) ने भी एक सीट पर दावा ठोका है। ऐसे में भाजपा के सामने सहयोगी दलों के बीच सीटों का संतुलन साधना बड़ी चुनौती बनता दिख रहा है।
18 जून को चुनाव
इस बीच निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की 9 सीटों तथा एक उपचुनाव के लिए द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना भी होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक संपन्न कर ली जाएगी।
इनका खत्म होगा कार्यकाल
जिन 9 सीटों पर चुनाव होना है, उन पर वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 28 जून 2026 को समाप्त हो रहा है। इनमें डॉ. कुमुद वर्मा, प्रो. गुलाम गौस, मोहम्मद फारूक, भीष्म साहनी, श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, संजय मयूख, समीर कुमार सिंह, सम्राट चौधरी और सुनील कुमार सिंह की सीटें शामिल हैं। वहीं उपचुनाव उस सीट पर कराया जाएगा जो नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर निर्वाचित सदस्य का कार्यकाल 6 मार्च 2030 तक रहेगा।
रंजन की रिपोर्ट