JDU National Council Meeting: जेडीयू की महासभा में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी, नीतीश के नेतृत्व पर लगेगी औपचारिक मुहर, निशांत कुमार की पहली सियासी दस्तक पर सबकी नजर
JDU National Council Meeting:पटना स्थित जेडीयू मुख्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की बैठक में संगठनात्मक मजबूती, सदस्यता विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर मंथन होगा।...
JDU National Council Meeting: बिहार की सियासत में रविवार का दिन जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। पटना स्थित पार्टी मुख्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की बैठक में संगठनात्मक मजबूती, सदस्यता विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर मंथन होगा। लेकिन इस बैठक का सबसे बड़ा और चर्चित पहलू मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर औपचारिक मुहर लगना और उनके पुत्र निशांत कुमार की सक्रिय मौजूदगी को माना जा रहा है।
पार्टी नेतृत्व के मुताबिक राज्य परिषद की बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू होगी, जबकि राष्ट्रीय परिषद की बैठक दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। इसके बाद खुला अधिवेशन होगा, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेता कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठनात्मक लक्ष्यों को लेकर दिशा देंगे। शाम में राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन बैठक में पारित प्रस्तावों और लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी मीडिया के सामने रखेंगे।
जेडीयू के लिए यह बैठक केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी चुनावी और राजनीतिक संघर्षों की रणनीति तय करने वाला मंच भी है। राष्ट्रीय परिषद की बैठक में नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्वाचन का औपचारिक अनुमोदन किया जाएगा। पार्टी इसे संगठन की एकजुटता और नेतृत्व के प्रति भरोसे के संदेश के तौर पर पेश करने की तैयारी में है।
हालांकि राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा निशांत कुमार की मौजूदगी को लेकर है। पहली बार वह न केवल परिषद की बैठक में शामिल होंगे, बल्कि नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। इसे जेडीयू की भावी राजनीतिक दिशा और संगठन के भीतर नए संकेतों के रूप में देखा जा रहा है। उनकी मौजूदगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक पर्यवेक्षकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को तेज करने और नीतीश सरकार के विकास मॉडल को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा है कि बीते दो दशकों में बिहार में हुए विकास और सुशासन के एजेंडे को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखने की रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक को मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर, विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव समेत कई वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। ऐसे में यह महासभा जेडीयू के संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ बिहार की बदलती सियासत का नया संदेश देने वाली साबित हो सकती है।
ब्यूरो रिपोर्ट