पटना में जदयू के पोस्टरों से ‘20 साल के काम’ का संदेश, नीतीश सरकार की उपलब्धियों को किया जा रहा प्रचारित
पटना में नीतीश कुमार के बड़े बड़े पोस्टर लगाकर वर्ष 2005 से 2025 के बीच हुए काम, योजनाओं का रोचक संदेश जदयू ने दिया है.
Nitish Kumar : पटना की सड़कों और प्रमुख चौराहों पर इन दिनों बड़े-बड़े होर्डिंग्स और पोस्टरों के जरिए नीतीश कुमार के 2005 से 2025 तक के कार्यकाल की उपलब्धियों को प्रमुखता से दिखाया जा रहा है। भले ही नीतीश कुमार अब मुख्यमंत्री पद पर नहीं हैं, लेकिन जनता दल यूनाइटेड (जदयू) उनकी सरकार के दौरान किए गए कामों को जनता तक पहुंचाने में पूरी ताकत झोंक रही है।
इन पोस्टरों में “20 साल – किसान कल्याण के” जैसे संदेशों के जरिए खेतों में सिंचाई की सुविधा, खाद-बीज की उपलब्धता और फसल के लिए बाजार से बेहतर कनेक्टिविटी जैसे कार्यों को रेखांकित किया गया है। वहीं “20 साल – युवा सपनों के” के तहत स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, कौशल विकास कार्यक्रम, युवाओं को प्रोत्साहन और रोजगार के अवसरों को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
महिलाओं को लेकर लगाए गए पोस्टरों में “20 साल – महिला उत्थान के” का संदेश दिया गया है, जिसमें सुरक्षा, शिक्षा, आरक्षण और उद्यमिता को बढ़ावा देने जैसी योजनाओं का उल्लेख है। इसके अलावा “20 साल – हर बुजुर्ग को मिला सम्मान, सबका जीवन हुआ आसान” जैसे नारों के साथ सामाजिक सुरक्षा और वृद्धजन कल्याण योजनाओं को भी सामने रखा गया है।
इन सभी पोस्टरों के जरिए जदयू यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि पिछले दो दशकों में बिहार में विकास और सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव रखी गई है। राजनीतिक रूप से इसे आगामी रणनीति और जनसंपर्क अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार के बाद अब सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल ली है।