नीतीश कुमार की सियासत में नया कीर्तिमान, इतिहास कायम करने वाले सुशासन बाबू का छोटू सिंह ने किया सम्मान
वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स, लंदन ने नीतीश कुमार को सम्मानित किया है, इस अवसर पर जदयू के वरिष्ठ नेता छोटू सिंह ने उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी.
Bihar News : बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार एनडीए को मिली जीत ने एक साथ कई नए रिकॉर्ड और इतिहास दर्ज करा दिए। स्वतंत्रता के बाद पहली बार देश के किसी भी नेता ने दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम दर्ज हुई है, जो भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में अद्वितीय मानी जा रही है। उनके नाम जुडी एक उपलब्धि पर वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स, लंदन ने नीतीश कुमार को सम्मानित करते हुए बधाई भेजी। सम्मान अवसर पर बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार उर्फ छोटू सिंह ने मुख्यमंत्री को माँ कामाख्या की चुनरी और महाकाल का पवित्र प्रसाद भेंट किया। उनका कहना था कि यह क्षण पूरे बिहार के लिए गौरव का है।
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने जबरदस्त जीत दर्ज की। 243 सीटों वाली विधानसभा में गठबंधन ने 202 सीटों पर कब्जा जमाया। इनमें बीजेपी को 89, जदयू को 85, लोजपा (रामविलास) को 19, हम (से) को 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें मिलीं। दूसरी तरफ महागठबंधन महज 35 सीटों पर सिमट गया। छोटू सिंह ने कहा कि परिणामों ने यह साफ कर दिया कि राज्य की जनता ने फिर एक बार स्थिर सरकार और एनडीए के नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
उन्होंने कहा कि भारी जनादेश के बाद नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। समारोह में केंद्रीय नेतृत्व, बीजेपी-जदयू के वरिष्ठ नेता और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। एनडीए की नई सरकार में सभी घटक दलों को प्रतिनिधित्व देकर गठबंधन की एकता और मजबूती का संदेश दिया गया है।
छोटू सिंह ने कहा कि बिहार में एनडीए को मिली यह जीत नीतीश कुमार की दीर्घ राजनीतिक यात्रा, सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और एनडीए की संगठित चुनावी रणनीति का परिणाम है। लगातार सबसे लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड पहले ही उनके नाम है, और अब दस बार शपथ लेने की उपलब्धि ने उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में एक विशिष्ट स्थान पर पहुँचा दिया है।