Bihar News : राज्य की सभी 8,053 पंचायतों में खुलेंगे 'जीविका-सुधा बिक्री केंद्र', 100 'फ्रेश कैच कियोस्क' की होगी स्थापना, सीएम सम्राट चौधरी ने किया ऐलान

Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना स्थित कॉम्फेड में 'इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर' (ICCC) का उद्घाटन किया और डीबीटी के जरिए दुग्ध उत्पादक किसानों के बैंक खातों में 68.51 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।

सीएम का ऐलान - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि और पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना स्थित कॉम्फेड में 'इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर' (ICCC) का उद्घाटन किया और डीबीटी के जरिए राज्य के 1,06,063 दुग्ध उत्पादक किसानों के बैंक खातों में 68.51 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की। यह भुगतान 5,832 दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों (DCS) के माध्यम से 1.46 करोड़ लीटर से अधिक दूध की आपूर्ति के एवज में किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पशुपालकों की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए नव-निर्मित टोल-फ्री कॉल सेंटर 'सुधा संपर्क' (18003456199) की भी शुरुआत की।   

'सुधा' को अंतर्राष्ट्रीय ब्रांड बनाने की तैयारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का संकल्प राज्य के दूध, तरकारी और मछली को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बिचौलियों को खत्म कर पारदर्शी डिजिटल भुगतान प्रणाली से किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए 'यूनिक फार्मर आईडी' जारी करने पर बल दिया, जिससे दूध की गुणवत्ता, फैट, एसएनएफ (SNF) और डिजिटल भुगतान की पारदर्शी निगरानी संभव होगी।   

डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक ने बताया कि 'सुधा' ब्रांड का विस्तार बिहार के बाहर भी तेजी से किया जा रहा है। असम के तेजपुर में 20 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता की इकाई चालू हो चुकी है, जबकि असम में 50 हजार लीटर तथा कोलकाता में 10 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता की नई इकाइयां लगाने की योजना है। वर्ष 2026-27 तक प्रतिदिन 50 लाख लीटर दुग्ध संग्रहण का लक्ष्य रखा गया है।   

पटना में सुधा कैफ़ेटेरिया, तरकारी दुकान और फ्रेश कैच कियोस्क का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने राजभवन/जैविक उद्यान (गेट नं-02) के पास 'सुधा कैफ़ेटेरिया' एवं 'तरकारी दुकान' का उद्घाटन किया। इसके अलावा, मीठापुर स्थित मीन भवन में 'Fresh Catch Kiosk' एवं सुधा पार्लर का उद्घाटन किया गया। मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने बक्सर से सिलीगुड़ी के लिए 'Fresh Catch' वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने घोषणा की कि राज्य में 100 'फ्रेश कैच कियोस्क' स्थापित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से बिहार की ताजी मछलियों को 'Fresh Catch (Fish of Bihar)' ब्रांड के तहत बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।   

महिला सशक्तीकरण और रोजगार पर जोर

ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 31 मार्च 2027 तक राज्य की सभी 8,053 पंचायतों में जीविका के सहयोग से 'जीविका-सुधा बिक्री केंद्र' स्थापित किए जाएंगे। साथ ही, 3,200 'सुधा सखी' तैयार करने और महिलाओं द्वारा पशु औषधि बिक्री केंद्रों के संचालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।  पशुओं की नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत डुमरांव में बछिया पालन केंद्र, मुंगेर में सीमन स्टेशन और 12 टोटल मिक्स्ड राशन (TMR) संयंत्र स्थापित करने पर काम चल रहा है।  इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित शासन एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।