जेपी की 124वीं जयंती आज : सीएम और राज्यपाल ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन, कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
Patna : लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 124वीं जयंती के अवसर पर पटना में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधऱी, मंत्री रामकृपाल यादव समेत कई मंत्री और नेता मौजूद रहे।
इस दौरान राज्यपाल, सीएम सम्राट समेत सभी नेताओं ने जेपी गोलंबर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित की। इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि जेपी के देश और खासकर बिहार के लिए किए गए कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके द्वारा 1974 में चलाया गया छात्र आंदोलन ने देश की दशा और दिशा को बदल दिया था।
गौरतलब है कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण भारतीय राजनीति के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा, भ्रष्टाचार के विरोध और सामाजिक बदलाव के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में 1970 के दशक में चले आंदोलन ने देश की राजनीति को नई दिशा दी। बिहार इस आंदोलन का प्रमुख केंद्र रहा था। ऐसे में पटना में उनकी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम का विशेष महत्व है।
जेपी के छात्र आंदोलन से बिहार के कई राजनेता उभरे जिन्होंने बिहार के साथ-साथ केन्द्र में अपनी अहम भूमिका निभाई। लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार, स्वर्गीय रामविलास पासवान, स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी जैसे दिग्गज नेता जेपी के छात्र आंदोलन की ही उपज है।