सीएम सम्राट चौधरी से कांटी विधायक अजीत कुमार ने की मुलाकात, नहर व चीनी मिल पर चर्चा

पूर्व मंत्री व कांटी विधायक अजीत कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर जर्जर नहरों को दुरुस्त करने और मड़वन में चीनी मिल खोलने का निर्णय लागू करने की मांग की।

सीएम सम्राट चौधरी से कांटी विधायक अजीत कुमार ने की मुलाकात- फोटो : news 4 nation

पूर्व मंत्री व कांटी से विधायक इंजीनियर अजीत कुमार ने सोमवार को पटना स्थित 'लोक सेवक आवास' पहुंचकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र कांटी की बदहाल नहर व्यवस्था को दुरुस्त करने और किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की।


नहरों के जीर्णोद्धार की उठाई मांग 

विधायक ने मुख्यमंत्री को वीरपुर और रामदयालु वितरणी समेत करीब एक दर्जन उप-वितरणियों की जर्जर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नहरों की खराब हालत के कारण गन्ना उत्पादकों व अन्य किसानों को सिंचाई में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने बताया कि उन्होंने जनता से एक वर्ष के भीतर खेतों तक पानी पहुंचाने का वादा किया है, जिस पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।


मड़वन में चीनी मिल खोलने पर जोर

मुलाकात के दौरान विधायक ने मड़वन प्रखंड में नई चीनी मिल स्थापित करने के सरकारी निर्णय को जल्द से जल्द लागू करने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि मड़वन में मिल खुलने से स्थानीय किसानों को गन्ना बेचने के लिए दूर नहीं भटकना पड़ेगा और क्षेत्र में गन्ने की खेती को नया बढ़ावा मिलेगा।


जमीन चिह्निंत करने की प्रक्रिया जारी 

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले गन्ना विभाग ने मड़वन में चीनी मिल की स्थापना के लिए 50 से 100 एकड़ उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश अंचल अधिकारी को भेजा था। विधायक ने इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर निर्माण कार्य शुरू कराने की अपील की।