Bihar Politics: JDU से अलग हुए केसी त्यागी ! 22 मार्च को करेंगे बड़ी बैठक, लेंगे बड़ा फैसला

Bihar Politics: जदयू नेता केसी त्यागी ने जानकारी दी है कि उनकी जदयू पार्टी से सदस्यता खत्म हो चुकी है और उन्होंने अपनी सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है। इससे सियासी गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि केसी त्यागी ने जदयू से किनारा कर लिया है।

जदयू से अलग हुए केसी त्यागी !- फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आ रही है। जदयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी अब जदयू से अलग हो गए हैं। केसी त्यागी ने लेटर जारी कर इसकी जानकारी दी है। बता दें कि, राज्यसभा चुनाव में बीते दिन ही एनडीए को बंपर जीत मिली है। वहीं अगले ही दिन केसी त्यागी ने पार्टी से अलग होने की जानकारी दे दी है। केसी त्यागी लंबे समय से जदयू से दूरी बनाए हुए थे। पार्टी ने भी उनसे किनारा कर लिया था। उनके बयानों को भी पार्टी की ओर महत्व नहीं दी जा रही थी लेकिन अब तक आधिकारिक रुप से उन्होंने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया था। वहीं अब केसी त्यागी ने जानकारी दी है कि उनकी जदयू की सदस्यता समाप्त हो गई है और उन्होंने अपनी सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है।  

जदयू से अलग हुए केसी त्यागी

दरअसल, जनता दल यूनाइटेड (JDU) से जुड़े वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराते हुए अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर संकेत दे दिए हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त हो चुका है और इस बार उन्होंने सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है। केसी त्यागी ने अपने बयान में कहा कि जदयू का गठन 30 अक्टूबर 2003 को समता पार्टी और जनता दल के विलय से हुआ था। उस समय जॉर्ज फर्नांडिस पार्टी के अध्यक्ष थे और वे महासचिव के रूप में उनके साथ मिलकर काम करते थे। इसके अलावा उन्होंने शरद यादव और नीतीश कुमार के जदयू अध्यक्ष रहते हुए भी पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

सीएम नीतीश को लेकर बड़ा बयान 

उन्होंने कहा कि वे मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार जैसे अहम पदों पर भी कार्य कर चुके हैं। हालांकि, पार्टी से अलग होने के बावजूद उन्होंने स्पष्ट किया कि वंचित, दबे-कुचले वर्गों, किसानों और कृषि से जुड़े लोगों के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पहले की तरह बनी रहेगी। उन्होंने सीएम नीतीश के प्रति व्यक्तिगत सम्मान जताते हुए कहा कि वे लगभग आधी सदी तक उनके साथी रहे हैं और उनके प्रति सम्मान आज भी कायम है।

22 मार्च को करेंगे बड़ी बैठक 

आगे की रणनीति को लेकर उन्होंने बताया कि 22 मार्च 2026 को नई दिल्ली स्थित मावलंकर हॉल में समान विचारधारा वाले लोगों की एक बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा होगी। इस बैठक के बाद आगे की दिशा तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि वे आगे भी भारत रत्न चौधरी चरण सिंह, डॉ. राम मनोहर लोहिया और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के विचारों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेते रहेंगे।

दिल्ली से धीरज की रिपोर्ट