खान सर के अस्पताल पर फायर विभाग ने कसा शिकंजा! मानक पूरे नहीं करने पर सीलिंग का मंडरा रहा है खतरा

Khan Sir: खान सर से जुड़े अस्पताल पर अग्निशमन विभाग की कार्रवाई का शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

खान सर के अस्पताल पर फायर विभाग का शिकंजा! - फोटो : social Media

Khan Sir: पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के एनी बेसेंट रोड स्थित खान सर से जुड़े अस्पताल पर अग्निशमन विभाग की कार्रवाई का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। फायर सेफ्टी के निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं होने पर विभाग अब H-1 नोटिस जारी करने की तैयारी में है। आम तौर पर यह नोटिस भवन को सील करने जैसी आगे की कार्रवाई से पहले स्पष्टीकरण के लिए दिया जाता है। इससे पहले अस्पताल को E-1 और G-1 नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन विभाग के मुताबिक अब तक सभी जरूरी मानकों का अनुपालन नहीं हुआ है।

जानकारी के अनुसार 25 मई को तत्कालीन अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी ने खान हेल्थ, जो खान फाउंडेशन की एक इकाई है, का फायर ऑडिट किया था। निरीक्षण के दौरान भवन का निर्माण कार्य भी जारी पाया गया। अग्निशमन विभाग के नियमों के मुताबिक वर्ष 2021 के बाद निर्मित भवनों में किसी संस्थान या प्रतिष्ठान को संचालित करने से पहले फायर NOC लेना अनिवार्य है।विभाग का कहना है कि खान हेल्थ को अभी तक फायर NOC नहीं मिला है, इसके बावजूद अस्पताल का संचालन किया जा रहा है। ऑडिट के बाद अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए लगातार नोटिस जारी किए गए।

खान सर से जुड़े अन्य संस्थानों की भी स्थिति विभाग की निगरानी में है। खान ग्लोबल स्टडीज के मुसल्लहपुर और बोरिंग रोड स्थित संस्थानों को भी अब तक फायर NOC नहीं मिलने की बात सामने आई है। हालांकि मुसल्लहपुर संस्थान की ओर से आवश्यक अनुपालन पूरा करने का दावा किया गया है।वहीं बोरिंग रोड के कई कोचिंग संस्थानों के लिए एक साथ NOC के आवेदन को विभाग ने लौटा दिया। विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक भवन के लिए अलग-अलग NOC लेना होगा और उससे पहले जांच की जाएगी।अधिकारियों का कहना है कि E-1 और G-1 नोटिस के बाद भी सुधार नहीं होने पर H-1 नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।