खान सर को नहीं मिली कोर्ट से राहत, अग्रिम जमानत पर फैसला फिर टला, गोली चलाने वाले दोनों गार्ड को रहना होगा जेल में

खान सर ने गिरफ्तारी से राहत के लिए अग्रिम जमानत की याचिका दायर की है। इससे पहले 30 जून को हुई सुनवाई के दौरान लोक अभियोजक ने अदालत को बताया था कि गिरफ्तार किए गए दोनों गार्ड्स के पास से अवैध हथियार बरामद हुआ था

Khan Sir Anticipatory Bail Hearing- फोटो : news4nation

Khan Sir :  चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) याचिका पर शुक्रवार को होने वाली सुनवाई एक बार फिर टल गई। अदालत ने मामले की सुनवाई अगले आदेश तक स्थगित कर दी है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 7 जुलाई को होने की संभावना है। इसी दिन खान सर के दोनों गार्ड्स की जमानत याचिका पर भी सुनवाई की जा सकती है। यह मामला पिछले महीने पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुए विवाद और उसके बाद दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। 


इस प्रकरण में खान सर ने गिरफ्तारी से राहत के लिए अग्रिम जमानत की याचिका दायर की है। इससे पहले 30 जून को हुई सुनवाई के दौरान लोक अभियोजक ने अदालत को बताया था कि गिरफ्तार किए गए दोनों गार्ड्स के पास से अवैध हथियार बरामद हुआ था और घटना के दौरान लोगों में दहशत फैलाने की नीयत से फायरिंग की गई थी। वहीं, बचाव पक्ष के अधिवक्ता अरविंद मौआर ने अभियोजन पक्ष के दावों का विरोध करते हुए कहा था कि गार्ड्स के पास मौजूद हथियार लाइसेंसी था। 


उन्होंने अदालत को बताया कि हथियार से जुड़े सभी वैध दस्तावेज पुलिस पहले ही जब्त कर चुकी है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने मामले के अनुसंधान पदाधिकारी (आईओ) और लोक अभियोजक को हथियार से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। उम्मीद थी कि शुक्रवार को दस्तावेज पेश किए जाने के बाद अदालत जमानत याचिका पर फैसला सुना सकती है, लेकिन सुनवाई फिर टल गई। अब अदालत अगली निर्धारित तिथि पर आईओ द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों, अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलों पर विचार करने के बाद खान सर की अग्रिम जमानत और उनके दोनों गार्ड्स की जमानत याचिकाओं पर फैसला ले सकती है।


गौरतलब है कि यह मामला 2 जून को खान सर के कोचिंग संस्थान और रौशन आनंद के कोचिंग के बीच  हुए विवाद से जुड़ा है। घटना के बाद पुलिस ने पहले रौशन आनंद को गिरफ्तार किया और जांच के दौरान दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार किया था, जबकि खान सर ने गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख किया था।


मामले की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि यह पिछले एक महीने से लगातार कानूनी और राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है। इस बीच नेपाल में रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत के बाद खान सर पर कई किस्म के कथित आरोप भी लगाये जा रहे हैं.

अनिल की रिपोर्ट