कृष्णोत्सव 2026 दही-हांडी में समस्तीपुर की गोविंदा टीम विजयी, फैंसी ड्रेस में दिव्यम-शुभांगी अव्वल

पटना के मिलर ग्राउंड में कृष्णोत्सव 2026 के दूसरे दिन दही-हांडी और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। समस्तीपुर की गोविंदा टीम विजयी रही, जबकि दिव्यम-शुभांगी ने फैंसी ड्रेस में पहला स्थान हासिल किया।

पटना: राजधानी पटना के मिलर ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय कृष्णोत्सव के दूसरे दिन भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। युवाओं और बच्चों को सनातन संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में दही-हांडी और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। दही-हांडी प्रतियोगिता में समस्तीपुर की गोविंदा टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में दिव्यम और शुभांगी ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया कृष्णोत्सव का उद्घाटन

कृष्णोत्सव का उद्घाटन गुरुवार शाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस दौरान मंत्री ललन सिंह, मंत्री अशोक चौधरी, संजय झा, संजय गांधी, बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के सदस्य सायण कुणाल, सांसद शांभवी चौधरी, संजीव कुमार सिंह, संजय सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों में 21-21 सदस्य शामिल थे। प्रतियोगिता में टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों ने जमकर उत्साह बढ़ाया।

समस्तीपुर की गोविंदा टीम ने जीता दही-हांडी मुकाबला

दही-हांडी प्रतियोगिता में समस्तीपुर की गोविंदा टीम ने पहला स्थान हासिल किया। टीम के विजयी होने पर क्षेत्र की सांसद शांभवी चौधरी भी काफी उत्साहित नजर आईं।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 2.51 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1.51 लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1.01 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

फैंसी ड्रेस में राधा-कृष्ण बने बच्चों ने मोहा मन

कृष्णोत्सव के दौरान सुबह फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें करीब 24 बच्चों ने हिस्सा लिया। माता-पिता अपने बच्चों को राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजाकर प्रतियोगिता में लेकर पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर हर तरफ राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चे आकर्षण का केंद्र बने रहे।

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में दिव्यम और शुभांगी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा विवान शरण और शौम्या शंकर झा तथा पी गिरी और अद्रिका भार्गव ने भी बेहतर प्रदर्शन किया।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले राधा-कृष्ण की जोड़ी दिव्यम और शुभांगी को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ना उद्देश्य

बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के सदस्य सायण कुणाल ने कहा कि कृष्णोत्सव का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, संगीत और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना तथा युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि नीति, धर्म, साहस और लोककल्याण के प्रतीक भी हैं। बच्चों द्वारा श्रीकृष्ण का रूप धारण करना, युवाओं द्वारा उनकी लीलाओं का मंचन करना और बांसुरी की धुन सीखना केवल किसी कार्यक्रम में भाग लेना नहीं है, बल्कि अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

सायण कुणाल ने कहा कि सभी को श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेकर धर्म का साथ देना चाहिए, अन्याय के खिलाफ खड़ा होना चाहिए और समाज के कमजोर वर्गों की सहायता करनी चाहिए।

उन्होंने पटना और बिहार के सभी धर्मप्रेमियों, युवाओं और आम लोगों से सपरिवार कृष्णोत्सव में शामिल होकर इस महोत्सव को सफल और ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

4 सितंबर तक चलेगा कृष्णोत्सव

पटना के मिलर ग्राउंड में आयोजित यह भव्य कृष्णोत्सव 4 सितंबर तक चलेगा। शुक्रवार को प्रसिद्ध गायक बी प्राक अपनी धमाकेदार प्रस्तुति देंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह है।

शुक्रवार के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर नीतीन नवीन और चिराग पासवान के शामिल होने की बात कही गई है। यूथ एलायंस फॉर सोशल हारमोनी एंड एनवायरनमेंट की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।