मोकामा में लोगों ने सुनाई केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को समस्याएं, MLA अनंत सिंह के साथ वार्डों में घूमकर देखा शहर का हाल
मोकामा में वार्डों के भ्रमण के दौरान लोगों ने जलजमाव समेत कई स्थानीय समस्याएं सांसद के सामने रखीं। ललन सिंह ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
Bihar News : रक्षाबंधन के दिन केंद्रीय मंत्री सह मुंगेर सांसद ललन सिंह मोकामा पहुंचे। उन्होंने विधायक अनंत सिंह के साथ मोकामा नगर परिषद के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान सांसद का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में समर्थक भी उनके साथ मौजूद रहे।
वार्डों के भ्रमण के दौरान लोगों ने जलजमाव समेत कई स्थानीय समस्याएं सांसद के सामने रखीं। ललन सिंह ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान वह लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते और अधिकारियों से उसके निपटारे को लेकर बातचीत करते नजर आए।
ललन सिंह ने कहा कि वह मोकामा नगर परिषद के सभी वार्डों में घूमकर लोगों की समस्याएं जानने आए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने जो भी समस्याएं बताई हैं, उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान स्थानीय लोगों की ओर से मोकामा में लंबे समय से बंद पड़ी फैक्ट्रियों को दोबारा चालू कराने, रेफरल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर समेत स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने की मांग रखी गई। लोगों ने मोकामा में विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर भी सांसद को ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम के दौरान मोकामा नगर परिषद अध्यक्ष निलेश कुमार उर्फ माघो की ओर से केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और विधायक अनंत सिंह का नागरिक अभिनंदन किया गया। दोनों नेताओं के दौरे के दौरान मोकामा में समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
रविशंकर की रिपोर्ट