अब पंचायतों में भी होगी हाईटेक फिटनेस: हर गांव में खुलेगा ओपन जिम और लाइब्रेरी—ललन सिंह

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए एक नई पहल की घोषणा की है। अब 'सात निश्चय-3' और केंद्र की योजनाओं के बीच समन्वय के साथ हर पंचायत में आधुनिक जिम और पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे

Patna/Badh - : केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बाढ़ के अगवानपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अब बिहार की हर पंचायत में 'ओपन जिम' (Open Gym) का निर्माण कराया जाएगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पिछले दो वर्षों का अपना 'सांसद फंड' युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए ही सुरक्षित रखा था। 

शारीरिक और मानसिक विकास है प्राथमिकता

अपने संबोधन में ललन सिंह ने कहा कि आज के दौर में युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यदि युवाओं का बेहतर विकास होगा, तो उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे देश की किसी भी बड़ी प्रतियोगिता या सरकारी नौकरी की परीक्षा में सफलता हासिल कर सकेंगे। मंत्री ने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही साधन उपलब्ध कराने की जरूरत है। 

हर पंचायत में पुस्तकालय और कंप्यूटर की सुविधा

मंत्री ने केवल शारीरिक फिटनेस ही नहीं, बल्कि बौद्धिक विकास के लिए भी योजनाएं साझा कीं। उन्होंने घोषणा की कि जहाँ भी युवाओं की मांग होगी, वहां पुस्तकालय (Library) बनाए जाएंगे। इन पुस्तकालयों में आधुनिक कंप्यूटर की सुविधा भी दी जाएगी, ताकि युवा तकनीक के माध्यम से उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकें और दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकें। 

खेलकूद प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

ग्रामीण स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ललन सिंह ने एक विस्तृत कार्ययोजना पेश की। उन्होंने कहा कि हर पंचायत में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। पंचायत स्तर के विजेताओं के बीच जिला स्तर पर मुकाबला होगा। ललन सिंह ने वादा किया कि वे स्वयं खिलाड़ियों को मेडल प्रदान करेंगे और सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट व जिम के लिए ट्रैक सूट भी विभाग की ओर से दिया जाएगा। 

बुनियादी ढांचों के लिए अलग फंड

ललन सिंह ने स्थानीय विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि अक्सर लोग गली-नाली और सामुदायिक भवनों की मांग करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कार्यों के लिए पहले से ही पंचायत, जिला परिषद और राज्य सरकार के पास पर्याप्त फंड और योजनाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा, "मेरा सांसद फंड अब केवल और केवल युवाओं के भविष्य, उनके स्वास्थ्य और उनकी शिक्षा के लिए समर्पित रहेगा।" 

मुंगेर का अनुभव और युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता

मंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र मुंगेर के चेराम गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां उनके द्वारा बनवाए गए पुस्तकालय और फिटनेस सेंटर की बदौलत आज लगभग 100 युवा विभिन्न सरकारी नौकरियों में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उन्हें पूरे प्रदेश में दोहराना है। अंत में, उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से कार्यक्रम में देरी के लिए जनता से माफी मांगी और विश्वास दिलाया कि वे एक सेवक के रूप में बिहार के विकास के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

रिपोर्ट - रवि शंकर