JDU में नाराजगी और मतभेद पर ललन सिंह का बड़ा खुलासा... निशांत ने रात में किया फोन, संजय झा से हुई बात

ललन सिंह ने कहा कि 1994 में नीतीश कुमार ने समता पार्टी का गठन किया था। उस समय से ही पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर महत्वपूर्ण विषयों पर आपसी सहमति और विचार-विमर्श के बाद ही फैसले लिए जाते हैं

Lalan Singh- फोटो : news4nation

Bihar News :  जनता दल यूनाइटेड (JDU) में कथित नाराजगी और नेतृत्व से लेकर मतभेद की खबरों के बीच केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने पार्टी में किसी तरह की नाराजगी या मतभेद की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि JDU पूरी तरह एकजुट है और पार्टी आपसी विचार-विमर्श एवं सहमति से चलती है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनका किसी के साथ कोई मतभेद नहीं है, ऐसी बातें पूरी तरह से बेबुनियाद है। 


ललन सिंह ने कहा कि 1994 में नीतीश कुमार ने समता पार्टी का गठन किया था। उस समय से ही पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर महत्वपूर्ण विषयों पर आपसी सहमति और विचार-विमर्श के बाद ही फैसले लिए जाते हैं और आज भी यही परंपरा जारी है।


प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्यों नहीं पहुंचे ललन सिंह?

शुक्रवार को पटना में JDU के विधायकों और एमएलसी के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें ललन सिंह के शामिल नहीं होने को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं सामने आई थीं। इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उनके शामिल होने का कोई कारण नहीं था, क्योंकि उनका गुजरात में पहले से निर्धारित कार्यक्रम था।


उन्होंने बताया कि कुछ विधायकों ने उन्हें फोन भी किया था। उन सभी को उन्होंने बताया कि वह पहले से तय कार्यक्रम के तहत गुजरात में हैं। ललन सिंह के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने भी रात में उनसे फोन पर बात की थी और उन्हें भी उन्होंने यही जानकारी दी थी कि वह गुजरात में हैं।


‘संजय झा से भी लगातार होती है बातचीत’

पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के साथ संवाद को लेकर ललन सिंह ने कहा कि उनसे लगातार बातचीत होती रहती है। उन्होंने कहा कि वह संजय झा से बात करते हैं और आपसी राय-विचार एवं विमर्श के जरिए पार्टी से जुड़ी बातें होती रहती हैं। ललन सिंह ने जोर देकर कहा कि पार्टी के भीतर किसी व्यक्ति से उनका कोई मतभेद नहीं है और JDU में भी किसी तरह का आंतरिक विवाद नहीं है।


ललन सिंह ने दोहराया कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और संगठन आपसी राय, विचार-विमर्श और सहमति के आधार पर आगे बढ़ रहा है। उनके इस बयान के बाद JDU में कथित अंदरूनी मतभेद की चर्चाओं पर पार्टी की ओर से स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश के तौर पर इसे देखा जा रहा है।


अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद पर बोले- ‘उनसे पूछिए’

मोकामा विधायक अनंत सिंह और JDU एमएलसी नीरज कुमार के बीच चल रही जुबानी जंग पर सवाल पूछे जाने पर ललन सिंह ने इस मामले से खुद को अलग रखा। उन्होंने कहा कि इस बारे में अनंत सिंह और नीरज कुमार से ही पूछा जाना चाहिए।

रंजन की रिपोर्ट