लालू यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली रवाना, डॉक्टरों की सलाह पर होगा इलाज, IGIMS से मिली थी शिफ्ट होने की सलाह

Lalu Prasad Yadav: राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपनी खराब तबीयत के इलाज के लिए आज दिल्ली रवाना होंगे।...

लालू यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली रवाना- फोटो : social Media

Lalu Prasad Yadav:  राष्ट्रीय जनता दल  के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपनी खराब तबीयत के इलाज के लिए आज दिल्ली रवाना होंगे। जानकारी के मुताबिक, लालू यादव दोपहर 1:20 बजे की फ्लाइट से दिल्ली जाएंगे, जहां वह विशेषज्ञ डॉक्टरों से मुलाकात कर आगे के इलाज को लेकर परामर्श लेंगे।

बताया जा रहा है कि दिल्ली पहुंचने के बाद लालू प्रसाद यादव डॉक्टरों से जांच और स्वास्थ्य स्थिति पर चर्चा करेंगे। इसके बाद डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उनका इलाज आगे जारी रहेगा। उनकी सेहत को लेकर राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों की नजर लगातार बनी हुई है।

दरअसल, करीब दो दिन पहले लालू प्रसाद यादव की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें पटना स्थित आईजीआईएमएस  में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच और निगरानी की। स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज और विशेषज्ञ परामर्श के लिए दिल्ली जाने की सलाह दी थी। डॉक्टरों की सलाह के बाद अब लालू यादव को दिल्ली ले जाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वहां उनकी विस्तृत जांच कराई जाएगी और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के आधार पर उपचार की दिशा तय होगी।

लालू प्रसाद यादव लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझते रहे हैं और समय-समय पर दिल्ली में उनका इलाज होता रहा है। ऐसे में उनके दिल्ली जाने की खबर के बाद राजद नेताओं और समर्थकों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पार्टी की ओर से उनके स्वास्थ्य को लेकर विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी रहेगा। लालू यादव के समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह