LPG Cylinder New Rate: होली से पहले महंगाई का झटका! LPG सिलेंडर आज से हुआ महंगा, जानिए ताजा रेट

LPG Cylinder New Rate:

LPG Cylinder New Rate: होली के त्योहार से ठीक पहले आम आदमी की जेब पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। आज 1 मार्च 2026 से एलपीजी (LPG) सिलेंडर की नई कीमतें लागू हो गई हैं। सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 28 रुपये से 31 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू रसोई गैस (14.2 किलो) की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। आइए जानते हैं दिल्ली से लेकर पटना तक अब क्या हैं गैस के ताजा रेट।

महानगरों में कॉमर्शियल सिलेंडर के नए रेट

तेल विपणन कंपनियों के ताजा अपडेट के मुताबिक दिल्ली में 19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर अब 1768.50 रुपये में मिलेगा, जो पहले 1740.50 रुपये था। कोलकाता में कीमत 1844.50 रुपये से बढ़कर 1875.50 रुपये हो गई है। मुंबई में यह 1692 रुपये से बढ़कर 1720 रुपये हो गया है। चेन्नई में कॉमर्शियल सिलेंडर अब 1929 रुपये में मिलेगा, जो पहले 1899.50 रुपये था। पटना में कमर्शियल सिलेंडर का रेट ₹1989.50 है। 

घरेलू एलपीजी के रेट स्थिर

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के आंकड़ों के अनुसार 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर दिल्ली में 853 रुपये, पटना में 951 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये, लखनऊ में 890.50 रुपये, कारगिल में 985.5 रुपये, पुलवामा में 969 रुपये और बागेश्वर में 890.50 रुपये है। फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को किसी नई बढ़ोतरी का सामना नहीं करना पड़ा है।

मार्च में बढ़ोतरी का पुराना ट्रेंड

पिछले पांच वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि मार्च का महीना एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए अक्सर महंगाई लेकर आता रहा है। 2021 में 1 मार्च को घरेलू सिलेंडर 25 रुपये महंगा हुआ, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर 95 से 98 रुपये तक बढ़ा। 2022 में 1 मार्च को कॉमर्शियल सिलेंडर 105 से 108 रुपये तक महंगा हुआ। इसके बाद 22 मार्च को घरेलू सिलेंडर में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई। 2023 में 1 मार्च को घरेलू सिलेंडर 50 रुपये महंगा हुआ। वहीं कॉमर्शियल सिलेंडर में 105 से 108 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। 2024 में 1 मार्च को 19 किलो वाले सिलेंडर दिल्ली और मुंबई में 26 रुपये, जबकि कोलकाता और चेन्नई में 24 रुपये महंगे हुए। 2025 में मार्च फिर कॉमर्शियल सिलेंडर पर भारी पड़ा, हालांकि बढ़ोतरी मामूली रही।