बाढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कोंदी स्टैंड गोलीबारी के मुख्य आरोपी और पूर्व मुखिया को बंगाल से किया गिरफ्तार

पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चर्चित कोंदी स्टैंड गोलीबारी कांड के मुख्य आरोपी समेत पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें कोंदी गोलीबारी के मुख्य आरोपी पुलिस ने पश्चिम बंगाल से दबोचा है....

बाढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : रवि शंकर

Patna : जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत कोंदी स्टैंड पर पिछले दिनों हुई गोलीबारी की घटना में संलिप्त मुख्य अपराधियों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए गोलीबारी के मुख्य अभियुक्त राकेश कुमार और पूर्व मुखिया बिन्देश्वरी गोप उर्फ ललन यादव को पश्चिम बंगाल के हुगली जिला अंतर्गत मोगरा थाना के बंसबरिया गांव से धर दबोचा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।


दो पक्षों के विवाद में दो युवकों को लगी थी गोली, एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी थी विशेष टीम

विदित हो कि बीते बीते माह 21 जून 2026 की दोपहर को बाढ़ थाना क्षेत्र के कोंदी स्टैंड पर दो पक्षों के बीच अचानक मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई थी। इस हिंसक झड़प में पुरुषोत्तम कुमार और रामानन्द कुमार उर्फ साहिल गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बाढ़-1, राम कृष्णा के निर्देश पर थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर सघन छापेमारी शुरू की गई थी।


शराब के नशे में टेंपू चालक से मारपीट और तोड़फोड़ मामले का भी एक आरोपी गिरफ्तार

इसी कोंदी स्टैंड पर आगामी 23 जून 2026 को एक और आपराधिक घटना सामने आई थी, जहां शराब का सेवन कर दो असामाजिक तत्वों ने टेंपू लगाने को लेकर चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। दबंगों ने टेंपू का शीशा तोड़कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस मामले में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर एक नामजद अभियुक्त प्रहलाद यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।


गिरफ्तार अभियुक्तों की हुई पहचान, सभी एक ही गांव के रहने वाले

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्त बाढ़ थाना क्षेत्र के बासोबागी गांव के निवासी हैं। पकड़े गए आरोपियों में पूर्व मुखिया बिन्देश्वरी गोप (पिता- स्व. विष्णुधारी गोप), उसका पुत्र और गोलीबारी का मुख्य आरोपी राकेश कुमार (पिता- बिन्देश्वरी गोप) तथा टेंपू विवाद मामले का आरोपी प्रहलाद यादव (पिता- स्व. इन्द्रदेव यादव) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों के विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।


छापेमारी दल में शामिल रहे जांबाज पुलिस अधिकारी और डीआईयू के जवान

इस सफल द्विपक्षीय ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में बाढ़ थाने के सब-इंस्पेक्टर (पु०अ०नि०) रविन्द्र कुमार और सब-इंस्पेक्टर जय प्रकाश ठाकुर मुख्य रूप से शामिल थे। इसके साथ ही तकनीकी सहयोग और फील्ड इंटेलिजेंस के लिए डीआईयू (DIU) बाढ़ के सिपाही राजकुमार एवं सिपाही गौतम कुमार सहित बाढ़ थाने के सशस्त्र बल के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिनकी तत्परता के कारण आरोपियों को बंगाल से दबोचा जा सका। 

बाढ़ से रवि शंकर की रिपोर्ट