पटना यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अक्टूबर 2026 में नियम तोड़ने वालों के कटे हजारों चालान, करोड़ों रुपये का जुर्माना वसूला

पटना यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : राजधानी पटना में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक एसपी सागर झा के निर्देशानुसार पटना यातायात पुलिस ने अक्टूबर 2026 के दौरान एक व्यापक और विशेष अभियान चलाया। इस अवधि में ICCC, HHD मशीन और HPV के माध्यम से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों की डिजिटल पहचान की गई और बड़े पैमाने पर ई-चालान काटे गए।


बिना हेलमेट गाड़ी चलाने वाले 35 हजार से अधिक चालकों पर कार्रवाई

पटना ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर महीने में सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट पहने वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई है। इस दौरान कुल 35,647 वाहन चालकों के चालान काटे गए, जिन पर 3 करोड़ 67 लाख 71 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना निर्धारित किया गया है। पुलिस ने दोपहिया चालकों से सुरक्षा के लिहाज से हमेशा हेलमेट पहनने की अपील की है।


नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर भी कसा शिकंजा

बिना अनुमति या निर्धारित स्थान के अलावा नो पार्किंग जोन में अपने वाहन खड़े करने वाले चालकों के खिलाफ भी यातायात पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। एक महीने के भीतर नो पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने पर 8,805 वाहनों का चालान काटा गया और कुल 67 लाख 94 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।


इंश्योरेंस, प्रदूषण और ओवर स्पीडिंग समेत अन्य मामलों में भी ताबड़तोड़ कार्रवाई

अभियान के दौरान अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी डंडा चलाया गया। बिना इंश्योरेंस के 12,783 वाहनों पर 2 करोड़ 55 लाख 66 हजार रुपये, प्रदूषण प्रमाणपत्र के उल्लंघन में 4,246 वाहनों पर 49 लाख 13 हजार रुपये तथा ओवर स्पीडिंग के मामले में 1,914 वाहनों पर 3 लाख 82 हजार 800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने पर 2,125, ट्रिपल राइडिंग में 1,562, अधिक यात्री बैठाने पर 808, कम उम्र में वाहन चलाने पर 551, सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 928 और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 366 मामलों में चालान काटे गए।


डिजिटल निगरानी और नागरिकों से यातायात नियमों के पालन की अपील

पटना यातायात पुलिस आधुनिक तकनीकों जैसे ICCC और HHD मशीनों के जरिए लगातार डिजिटल निगरानी रख रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को जागरूक करना और सड़क हादसों में कमी लाना है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सफर के दौरान सीट बेल्ट लगाएं, वैध कागजात साथ रखें, गति सीमा का पालन करें और नाबालिग बच्चों को वाहन बिल्कुल न चलाने दें।


रंजीत की रिपोर्ट