बिहार में मिलावटी व एक्सपायर्ड खाने-पीने के सामान पर बड़ा एक्शन: डेहरी में 200 किलो सड़ा टमाटर पल्प और 360 बोतल एक्सपायरी सॉस नष्ट

प्रदेश में मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने राज्यभर में व्यापक अभियान चला रखा है। इसी कड़ी में मंगलवार को प्रदेश के कई जिलो मे खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कई खाद्य प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया...

मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान- फोटो : रिपोर्टर

Patna : बिहार के आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने राज्यभर में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ व्यापक अभियान चला रखा है। स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के सीधे निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों द्वारा विभिन्न जिलों में औचक निरीक्षण, सैंपल कलेक्शन और गुणवत्ता जांच की कार्रवाई लगातार की जा रही है।


डेहरी में 'लायन किंग टॉपपर छापेमारीसड़ी सामग्री गड्ढे में दबाकर की गई नष्ट 

इसी कड़ी में रोहतास जिले के डेहरी में एसडीएम (SDM) डेहरी तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी की संयुक्त टीम ने 'Lion King TOP' नामक खाद्य प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम को 200 किलोग्राम सड़ा हुआ और कीड़े लगा टमाटर पल्प तथा 35 किलोग्राम दुर्गंधयुक्त आलू मैश पल्प मिला। इसके अतिरिक्त 240 बोतल मिर्च सॉस और 120 बोतल टमाटर सॉस एक्सपायर्ड पाए गए, जिनमें सड़न व बदबू आ रही थी। जनस्वास्थ्य के हित में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) की धारा 38(4) के तहत इन सभी अनुपयुक्त सामग्रियों को मौके पर ही गड्ढे में दबाकर तथा मिट्टी व राख डालकर नष्ट कराया गया।


गयावैशाली से लेकर सहरसा व सारण तक 19 प्रतिष्ठानों में जांच 

विशेष अभियान के तहत गया, वैशाली, सीतामढ़ी, सारण, लखीसराय, सहरसा, शेखपुरा और अरवल जिलों में कुल 19 खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई। गया में 'गोपाल फूड एंड कन्फेक्शनरी' व 'मेसर्स उपहार स्वीट्स', वैशाली में 'धनलक्ष्मी ट्रेडर्स', सीतामढ़ी में 'अन्नपूर्णा भंडार' और सारण में 'Blinkit Commerce Private Limited' के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। सहरसा में जांच के दौरान खराब पाए गए लड्डू नष्ट कराए गए तथा सरसों तेल, धनिया पाउडर, मिर्च मसाला व अरहर दाल के सैंपल प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।


खाद्य कारोबारियों को चेतावनीलापरवाही पर होगी कानूनी कार्रवाई 

स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी खाद्य कारोबारियों (FBOs) को स्वच्छ रसोई, सुरक्षित फूड स्टोरेज, पर्सनल हाइजीन तथा FSSAI के मानकों का कड़ाई से अनुपालन करने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा। मानकों के उल्लंघन पर जब्ती, सुधार नोटिस और सख्त विधिक कार्रवाई का यह अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा।