सम्राट कैबिनेट का बड़ा फैसला, इन 11 डॉक्टरों को सेवा से किया बर्खास्त

लगातार सेवा से अनुपस्थित रहना 11 डॉक्टरों को महंगा पड़ गया है। सरकार ने उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का फैसला लिया है। जिसपर बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में मुहर लगा दी गई है....

11 डॉक्टर सेवा से बर्खास्त- फोटो : AI जनरेटेड तस्वीर

Patna : बिहार में लगातार सेवा से अनुपस्थित रहने के आरोप में 11 डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त करने के फैसले पर कैबिनेट की बैठक में मुहर लगा दी गई है।  लंबे समय तक ड्यूटी से गैरहाजिर रहने के मामले में यह कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।


सहरसा, भागलपुर, सुपौल, बांका व मधेपुरा के चिकित्सकों पर हुई कार्रवाई

जिन डॉक्टरों को बर्खास्त करने का फैसला लिया गया है उनमें डॉ. अनामिका कुमारी (सदर अस्पताल, सहरसा), डॉ. राकेश कुमार निराला (सदर अस्पताल, भागलपुर), डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपरा, सुपौल), डॉ. गोपीनाथ भगत (सदर अस्पताल, भागलपुर), डॉ. अमित कुमार (अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ममलखा, सबौर, भागलपुर), डॉ. रवि रंजन (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मरौना, सुपौल), डॉ. मो. शाहनवाज कौसर (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपरा, सुपौल), डॉ. सुमित कुमार (अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सजौर, शाहकुंड, भागलपुर), डॉ. प्रसून दिवाकर (अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गोलहट्टी, बौंसी, बांका) तथा डॉ. रेखा कुमारी (सदर अस्पताल, मधेपुरा) के नाम शामिल हैं। इनमें से कई चिकित्सक वर्ष 2018, 2019, 2020 और 2021 की विभिन्न तिथियों से लगातार अनुपस्थित बताए गए हैं। 


बीएससीसीए नियमावली 2005 व बीपीएससी की सहमति के बाद लिया गया फैसला

प्रत्येक मामले में बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-14(xi) के तहत सेवा से बर्खास्त करने की शास्ति अधिरोपित करने का विनिश्चय किया गया। संबंधित विभागीय दंड प्रस्तावों पर बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी), पटना द्वारा अक्टूबर 2026 में सहमति व्यक्त किए जाने के उपरांत राज्य मंत्रिपरिषद ने बर्खास्तगी का निर्णय लिया है। 


स्वास्थ्य सेवाओं में अनुशासन व जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर

लंबे समय तक बिना सूचना या अनुमति के कार्य से अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों के विरुद्ध यह कार्रवाई सरकारी सेवाओं में अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा कायम रखने की दिशा में मानी जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट संदेश दिया गया है कि निर्धारित दायित्वों से लगातार गैरहाजिर रहने पर नियमानुसार कठोर दंड दिया जाएगा। 


अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद आगे के कदमों की प्रतीक्षा

कैबिनेट की स्वीकृति के साथ ही 11 डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय प्रभावी हो गया है। मामले से जुड़े विस्तृत विभागीय आदेश और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की प्रतीक्षा है।