बिहटा के कन्हौली बाजार में फायरिंग मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 2 गिरफ्तार, 1 विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध, हथियार और चोरी की बाइक बरामद
पटना के बिहटा थाना अंतर्गत कन्हौली बाजार में बीते 6 सितंबर 2026 को अज्ञात बाइक सवार अपराधियों द्वारा की गई गोलीबारी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध किया है..
Patna : जिले के बिहटा थाना अंतर्गत कन्हौली बाजार में 6 सितंबर 2026 को अज्ञात बाइक सवार अपराधियों द्वारा दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस द्वारा बताया गया कि घटना के बाद बिहटा थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बसौड़ा के पंकज सिंह ने कन्हौली बाजार के व्यापारियों में खौफ पैदा कर रंगदारी वसूलने के लिए यह फायरिंग करवाई थी।
सरमेरा मोड़ के पास से विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध, पूछताछ में खुले राज
30 सितंबर 2026 की रात गुप्त सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, दानापुर के नेतृत्व में बिहटा पुलिस व कन्हौली ओपी की टीम ने छापेमारी कर एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया। पूछताछ के दौरान उसने कन्हौली बाजार फायरिंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल के साथ सचिन कुमार, 20 वर्ष को अनीसाबाद से गिरफ्तार किया गया।
देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद
निरुद्ध बालक के घर से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 02 देशी कट्टा और 06 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की 01 मोटरसाइकिल और 02 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में दीघा निवासी राजू कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार राजू कुमार पर दानापुर थाना में पूर्व से हत्या व आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। वहीं निरुद्ध किए गए विधि-विरुद्ध बालक के खिलाफ भी बिहटा थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज है।
सफल छापेमारी दल को मिला पुलिस पदाधिकारियों का नेतृत्व
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाले छापेमारी दल में कन्हौली ओपी अध्यक्ष बिकेश कुमार, पु०अ०नि० राजकुमार, पु०अ०नि० मोईनउद्दीन, पु०अ०नि० मुक्ति नारायण सिंह, पु०अ०नि० प्रिति कुमारी, पु०अ०नि० नवनीत कुमार सहित बिहटा थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस अब गिरोह के अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
रंजीत की रिपोर्ट