पटना में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: AI कैमरों से दो दिनों में कटा 63.81 लाख रुपये का चालान

पटना में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : AI जनरेटेड तस्वीर

Patna : राजधानी पटना में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पटना पुलिस और ट्रैफिक विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। Integrated Command and Control Centre (ICC) में लगे आधुनिक AI सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर कुल 63 लाख 81 हजार रुपये का ई-चालान काटा है। ट्रैफिक पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।


दो दिनों के आंकड़े: बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग पर सबसे ज्यादा फाइन

ट्रैफिक विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कैमरों की मदद से स्वचालित रूप से दर्ज किए गए उल्लंघनों का विवरण इस प्रकार है:

  • 19 अक्टूबर 2026 (सोमवार): विभिन्न चौराहों पर लगे कैमरों के माध्यम से कुल 36 लाख 23 हजार रुपये का चालान काटा गया। इसमें बिना हेलमेट के वाहन चलाने वालों पर 21 लाख रुपये से अधिक और ट्रिपल लोडिंग करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया गया।
  • 18 अक्टूबर 2026 (रविवार): पूरे शहर में कुल 27 लाख 58 हजार रुपये का चालान काटा गया, जिसमें सबसे ज्यादा जुर्माना बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर (15 लाख 91 हजार रुपये) दर्ज किया गया।


'लापरवाही बरतने वालों और बाइकर गैंग पर जारी रहेगा कसता शिकंजा' - ट्रैफिक एसपी सागर झा

इस संबंध में ट्रैफिक एसपी सागर झा ने पहले ही स्पष्ट चेतावनी दी थी कि पटना की सड़कों पर यातायात नियमों से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया था कि बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग करने वाले चालकों के साथ-साथ हुड़दंग मचाने वाले बाइकर गैंग्स पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इसी निर्देश के आलोक में आईसीसी (ICC) सर्विलांस टीम 24 घंटे शहर की सड़कों पर निगरानी रख रही है।


स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम से हो रही सीधी निगरानी

पटना शहर के प्रमुख गोलंबरों, चौराहों और मुख्य सड़कों पर लगाए गए हाई-टेक कैमरों से गाड़ियों के नंबर प्लेट को ऑटोमैटिक रीड कर सीधे वाहन मालिकों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ई-चालान भेजा जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे दुर्घटनाओं से बचने और भारी-भरकम जुर्माने से सुरक्षित रहने के लिए बाइक चलाते समय हेलमेट और कार में सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें।



रंजीत की रिपोर्ट