Khan sir:खान सर को कोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक, फायरिंग मामले में मिली बड़ी राहत
Khan sir: खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए पटना सिविल कोर्ट ने फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। ...
Khan sir: पटना के कोचिंग विवाद और फायरिंग प्रकरण में आरोपी बनाए गए शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर को फिलहाल बड़ी कानूनी राहत मिल गई है। आज यानी मंगलवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए पुलिस की किसी भी कठोर या जबरन कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगाने का आदेश दिया है। इससे खान सर को तत्काल गिरफ्तारी के खतरे से राहत मिली है।
पटना के चर्चित कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए पटना सिविल कोर्ट ने फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। अदालत के इस फैसले के बाद खान सर को तत्काल राहत मिल गई है, जबकि पूरे मामले की कानूनी लड़ाई अभी जारी रहेगी।दूसरी ओर इसी मामले में गिरफ्तार खान सर के दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी अदालत में सुनवाई हुई। सोमवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिस पर आज आदेश आने की संभावना है। सुरक्षा गार्डों की गिरफ्तारी के बाद से ही यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
अदालत में सुनवाई के दौरान ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से पेश अधिवक्ता ने खान सर की अग्रिम जमानत का कड़ा विरोध किया। उन्होंने दलील दी कि फायरिंग की घटना इरादतन की गई थी और मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रिम जमानत नहीं दी जानी चाहिए। वहीं खान सर के अधिवक्ता ने अदालत के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनके मुवक्किल को साजिश के तहत मामले में घसीटा गया है और उनका घटना से प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। बचाव पक्ष ने अग्रिम जमानत के लिए ऑनलाइन आवेदन दाखिल किया था।
बता दें इस पूरे प्रकरण का केंद्र 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हुई हिंसक घटना है। उस दिन कोचिंग संस्थान पर हमला, तोड़फोड़ और फायरिंग की वारदात सामने आई थी। हमले का आरोप ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद और उनके सहयोगियों पर लगाया गया। पुलिस अब तक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।मामले ने नया मोड़ तब लिया जब ज्ञान बिंदु की ओर से एक वीडियो सार्वजनिक किया गया, जिसमें खान सर के सुरक्षा गार्ड कथित तौर पर फायरिंग करते हुए दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी जांच की और फिर खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली। दिलचस्प बात यह है कि घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस खान सर तक नहीं पहुंच सकी है। उनके ठिकाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार