जीआरपी पटना को मिली बड़ी सफलता: पटना जंक्शन से 7 शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, 7 चोरी के फोन बरामद

पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान में रेल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रेल पुलिस ने स्टेशन पर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के 7 सदस्यों को धर दबोचा है.....

पटना जंक्शन से 7 शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी (रेल पुलिस) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक, रेल, पटना के सख्त निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए जंक्शन परिसर से मोबाइल चोरी में संलिप्त एक गिरोह का पर्दाफाश किया है।


प्लेटफॉर्म संख्या 04/05 के पास से हुई त्वरित गिरफ्तारी 

घटना बीते 6 सितंबर की है, जब पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 04/05 के पश्चिमी छोर पर स्थित आरओबी (ROB) के नीचे मोबाइल चोरी की वारदात हुई। घटना की जानकारी मिलते ही रेल थाना पटना जंक्शन की टीम ने त्वरित कार्रवाई की और घेराबंदी कर मौके से कुल 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।


तलाशी में 7 महंगे स्क्रीनटच मोबाइल बरामद 

गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 7 चोरी के स्क्रीनटच मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह स्टेशन पर आने-जाने वाले रेल यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर जेब काटने और मोबाइल चुराने का काम करता था।


रेल थाने में मामला दर्ज, आगे की विधिक कार्रवाई जारी 

इस पूरी कार्रवाई के संबंध में रेल थाना पटना जंक्शन में दिनांक 7 सितंबर 2026 को कांड संख्या 505/26 दर्ज किया गया है। जीआरपी पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है और उनके खिलाफ अग्रिम कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है।


यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रेल पुलिस 

जीआरपी पटना ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान का ध्यान रखें। रेल पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि "आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता" के ध्येय के साथ जंक्शन और ट्रेनों में गश्त बढ़ाई गई है। असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ इस तरह का धरपकड़ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रंजीत की रिपोर्ट