नीतीश कुमार पर बरसे मल्लिकार्जुन खड़गे... श्रीकृष्ण बाबू को भारत रत्न दिलाएगी कांग्रेस

डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को भारत रत्न देने की मांग से जुड़े ज्ञापन पर खड़गे ने कहा कि यह प्रस्ताव उनके सामने रखा गया है। पार्टी इस पर विचार करेगी और उसके बाद आगे का कदम तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी ऐसे मुद्दों को उठाती रही है

Mallikarjun Kharge- फोटो : news4nation

Congress :  कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे RSS की झोली में जाकर गिर गए हैं। उन्होंने राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि राहुल गांधी डरने वाले नहीं हैं, बल्कि वे लड़ते हैं और गिरते हैं। खड़गे ने यह बयान पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया। इस दौरान उन्होंने बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को भारत रत्न देने की मांग पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण बाबू को भारत रत्न देने की सिफारिश उनके सामने रखी गई है और इस पर कांग्रेस पार्टी में विचार किया जाएगा।


श्रीकृष्ण बाबू को भारत रत्न  

डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को भारत रत्न देने की मांग से जुड़े ज्ञापन पर खड़गे ने कहा कि यह प्रस्ताव उनके सामने रखा गया है। पार्टी इस पर विचार करेगी और उसके बाद आगे का कदम तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी ऐसे मुद्दों को उठाती रही है और विभिन्न रैलियों तथा आंदोलनों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का काम करती रही है।


नीतीश कुमार पर निशाना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए खड़गे ने कहा कि वे RSS की झोली में जाकर गिर गए हैं। वहीं, राहुल गांधी को लेकर उन्होंने कहा कि वे डरने वाले नहीं हैं। खड़गे के मुताबिक, राहुल गांधी लगातार संघर्ष कर रहे हैं और मुश्किलों के बावजूद पीछे हटने वाले नहीं हैं।


1 नवंबर की रैली  

1 नवंबर को प्रस्तावित रैली को लेकर व्यापारियों की ओर से जताई गई आपत्ति पर खड़गे ने कहा कि इस संबंध में जो आवेदन आया है, उस पर आज या कल विचार कर समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कुछ भी कर रही है, वह जनता और उसके अधिकारों के लिए कर रही है।

खड़गे ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के वोट देने का अधिकार प्रभावित होता है, तो उसका असर केवल राजनीति तक सीमित नहीं रहता। उन्होंने दलील दी कि वोट देने का अधिकार नागरिकों के भविष्य और उनके हितों से भी जुड़ा हुआ है। हालांकि, उन्होंने कहा कि व्यापारियों की आपत्ति पर मिले आवेदन पर विचार किया जा रहा है और उसके बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा।


वोट चोरी के आरोप

वोट चोरी के मुद्दे पर खड़गे ने कहा कि यह बहुत बड़ा मामला है। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और मतदान से जुड़ी मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई है। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची में बदलाव किए जाने से जुड़े मामले भी सामने आए हैं।


खड़गे ने कहा कि इस मुद्दे पर विपक्ष और अन्य संगठनों की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को उठाती रहेगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि श्रीकृष्ण सिंह को भारत रत्न देने की मांग हो या वोट चोरी का मामला, पार्टी संबंधित प्रस्तावों और मुद्दों पर विचार करने के बाद आगे की रणनीति तय करेगी।