ब्लैकआउट के दौरान पटना में व्यवसायी की गोली मारकर हत्या मामले में बड़ा खुलासा, पुलिस ने हथियार के साथ आरोपी को दबोचा

Murder in Patna during blackout- फोटो : news4nation

Patna Crime News : राजधानी पटना के पटना सिटी इलाके में मुसल्लहपुर हाट में मसाला कारोबारी पिंटू साव की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पटना पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल एक विधि-विरुद्ध नाबालिग को निरुद्ध किया है। उसके पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। यह घटना 14 मई 2026 को सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट में ब्लैकआउट के दौरान हुई थी, जब अज्ञात अपराधियों ने मसाला दुकानदार पिंटू साव को गोली मारकर हत्या कर दी थी। 


मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। इस टीम में DIU और सुल्तानगंज थाना पुलिस को शामिल किया गया। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, इस हत्या की साजिश बेऊर जेल में बंद हत्या के आरोपी विकास उर्फ बिक्का और संजय गोप ने रची थी। दोनों आरोपियों ने जेल के अंदर से ही हत्या की योजना बनाई थी।


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पिंटू साव की पहचान विकास उर्फ बिक्का और संजय गोप से पहले से थी। बताया जा रहा है कि तीनों अवैध शराब के कारोबार से जुड़े थे। इसी साल फरवरी में प्याज व्यवसायी की हत्या के मामले में विकास और संजय की गिरफ्तारी के बाद उनके अवैध शराब के कारोबार की जिम्मेदारी पिंटू साव संभाल रहा था।


पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पिंटू साव जेल में जाकर दोनों आरोपियों से मुलाकात भी करता था और लेनदेन से जुड़े कुछ विवादों के कारण ही इस हत्या की साजिश रची गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या में और कौन-कौन लोग शामिल थे।


पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर जेल में बंद विकास उर्फ बिक्का और संजय गोप को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इस हत्याकांड के तार अवैध शराब कारोबार और पुराने आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट