Patna Crime : महिला के गले से झपटी डेढ़ लाख की चेन, विरोध पर सड़क पर पटका, 3 दिन में दूसरी वारदात से उठे सवाल
पटना के मनेर इलाके में बाइक सवार अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है। ताजा मामले में, मनेर-दानापुर मार्ग पर महिनावां विश्वकर्मा मंदिर के समीप बेखौफ बदमाशों ने एक महिला के गले से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली।
बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पटना के मनेर थाना क्षेत्र में बाइक सवार चेन स्नैचरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। शुक्रवार को महिनावां विश्वकर्मा मंदिर के पास बदमाशों ने एक महिला से करीब डेढ़ लाख रुपये की सोने की चेन छीन ली। इस दौरान हुई छीनाझपटी में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है।
जन्मदिन समारोह में जाते समय हुई लूट की घटना
जानकारी के अनुसार, काजी मोहल्ला निवासी नरेश पंडित अपनी पत्नी चिंता देवी के साथ बाइक पर सवार होकर दानापुर एक जन्मदिन पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मनेर-दानापुर मार्ग पर स्थित विश्वकर्मा मंदिर के पास पहुँची, पीछे से आए दो बाइक सवार अपराधियों ने झपट्टा मारकर चिंता देवी के गले से सोने की चेन छीन ली। नरेश पंडित के मुताबिक, अपराधी मनेर पेट्रोल पंप से ही उनका पीछा कर रहे थे।
साहस दिखाने पर अपराधी ने महिला को सड़क पर पटका
लूट के दौरान पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश का हाथ पकड़ लिया और उसके हाथ पर दांत काट लिया। खुद को छुड़ाने के लिए बदमाश ने महिला को जोर से धक्का दिया, जिससे वह चलती बाइक से नीचे गिर गईं। सड़क पर गिरने की वजह से चिंता देवी का सिर फट गया और वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। अपराधी मौका पाकर दानापुर की ओर फरार होने में सफल रहे।
तीन दिनों में दूसरी वारदात से इलाके में दहशत
मनेर इलाके में कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि पिछले तीन दिनों में यह स्नैचिंग की दूसरी वारदात है। इससे पहले पीर बाबा मजार के पास पूर्व विधायक प्रो. श्रीकांत निराला के ड्राइवर की बेटी से भी गहनों की लूट हुई थी। पुलिस अब इलाके के CCTV फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्ती की कमी के कारण महिलाओं का घर से निकलना दूभर हो गया है।