बाढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, पति हिरासत में

Crime in Patna- फोटो : news4nation

Bihar News : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के एकडंगा पंचायत स्थित सीतापुर गांव में शनिवार सुबह एक 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अनुराधा कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। जानकारी के अनुसार, अनुराधा कुमारी का मायका नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के दारूवारा गांव में है। घटना की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग सीतापुर पहुंचे और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। 


मृतका के परिजनों का आरोप है कि अनुराधा की हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। उनका कहना है कि मृतका के गले पर रस्सी के गहरे निशान मौजूद हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मृतका के हाथ में सलाइन चढ़ाने के लिए लगाया गया नीडल लगा हुआ था, जिससे घटना कई सवाल खड़े कर रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि मौत से पहले महिला का इलाज कराया गया था या नहीं। मामले में पुलिस ने मृतका के पति राजेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मायके पक्ष की ओर से संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।


 SDPO 1 बाढ़ रामकृष्णा के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

रविशंकर की रिपोर्ट