Bihar News: बड़ा हादसा टला! नवादा में बिजली पोल पर लगी आग, मचाई अफरा-तफरी

Bihar News: नवादा में माल गोदाम के पास एक बिजली खंभे में अचानक आग लग गई। जिसके बाद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

बिजली पोल पर लगी आग - फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के नवादा जिले के माल गोदाम क्षेत्र में रविवार को एक बिजली के खंभे में अचानक आग लग गई। जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिजली के खंभे से अचानक आग की चिंगारियां निकलने लगीं।

बिजली पोल में लगी आग

वहां से गुजर रहे युवक ने घटना का वीडियो बना लिया। उनके साथ मौजूद अन्य शख्स ने बताया कि उस समय खंभे में बिजली का प्रवाह जारी था, जिससे स्थिति और भी खतरनाक हो सकती थी। सुरेंद्र कुमार ने तुरंत इसकी सूचना बिजली विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग ने इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

मची अफरा-तफरी 

बताया जा रहा है कि आग की चिंगारियां काफी तेज थीं और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो घनी आबादी वाले इलाके में बड़ा हादसा हो सकता था। सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले बिजली विभाग को सूचना इसलिए दी ताकि कोई भी व्यक्ति बिजली के प्रवाह के दौरान आग बुझाने की कोशिश कर जोखिम न उठाए। बिजली विभाग ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया। स्थानीय लोगों की सतर्कता और विभाग के सहयोग से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

नवादा से अमन की रिपोर्ट