Patna Fire: पटना में भीषण अग्निकांड, डालडा गोदाम में लगी विकराल आग, 20 करोड़ के नुकसान की आशंका

Patna Fire: राजधानी पटना एक बड़े डालडा गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि धुएं का विशाल गुबार आसमान तक दिखाई देने लगा।

पटना में भीषण अग्निकांड- फोटो : reporter

Patna Fire: राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुली स्थित एक बड़े डालडा गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि धुएं का विशाल गुबार आसमान तक दिखाई देने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 12 बजे की है। गोदाम में मौजूद कर्मचारियों ने सबसे पहले आग की लपटें देखीं और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने फायर विभाग को अलर्ट किया, जिसके बाद दमकल की दर्जनों गाड़ियां घटनास्थल पर रवाना की गईं। फायर फाइटर्स पूरी रात आग बुझाने की जद्दोजहद में जुटे रहे, लेकिन गोदाम का विशाल क्षेत्रफल और भीतर रखा ज्वलनशील सामान राहत कार्य में बड़ी चुनौती बना रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले गोदाम के पिछले हिस्से में लगी और देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। आग की शिद्दत इतनी ज्यादा थी कि रात से लेकर सुबह तक उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि गोदाम आबादी वाले इलाके से काफी दूर स्थित है, जिससे किसी बड़े जनहानि की सूचना सामने नहीं आई। हालांकि आसपास मौजूद अन्य गोदामों को देखते हुए प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ आग को फैलने से रोकने में जुटा रहा।गोदाम के मालिक ने ऑफ द कैमरा बताया कि गोदाम में करीब 1200 टन डालडा रखा हुआ था। शुरुआती आकलन के मुताबिक इस हादसे में लगभग 20 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद मामले की जांच करेगी, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।

रिपोर्ट- रजनीश कुमार