विशेष भूमि सर्वेक्षण की हर माह समीक्षा करेंगे मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, जिलों की होगी प्रतिदिन मॉनिटरिंग

बिहार में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्य को गति देने और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मंत्री अब हर माह खुद विशेष सर्वेक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे....

विशेष भूमि सर्वेक्षण की हर माह समीक्षा- फोटो : रिपोर्टर

Patna : बिहार में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्य को गति देने और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए अब बहुस्तरीय मॉनिटरिंग की जाएगी। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बुधवार को राजस्व सर्वेक्षण प्रशिक्षण संस्थान, शास्त्रीनगर, पटना में समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिया कि वे प्रत्येक माह विशेष सर्वेक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे, जबकि सर्वे निदेशालय के नोडल पदाधिकारी सभी जिलों की प्रतिदिन समीक्षा कर दैनिक प्रगति रिपोर्ट से मुख्यालय को अवगत कराएंगे।


भू-विवादों के स्थायी समाधान व पारदर्शी अभिलेखों का लक्ष्य, आत्ममूल्यांकन पर जोर

मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि विशेष सर्वेक्षण का उद्देश्य केवल जमीन का सर्वेक्षण करना नहीं, बल्कि भूमि विवादों का स्थायी समाधान करना और भू-अभिलेखों को स्पष्ट, अद्यतन व पारदर्शी बनाना है, जिससे अदालत व थानों में विवाद घटेंगे तथा नागरिकों को ऋण, प्रमाणपत्र और संपत्ति बंटवारे में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को गति के साथ गुणवत्ता बनाए रखने, सामूहिक जवाबदेही निभाने और 'सेल्फ असेसमेंट इज बेस्ट असेसमेंट' के तहत अपने कार्यों का स्वयं आकलन करने का निर्देश दिया।


विभाग के सचिव व निदेशक ने साझा किए आंकड़े, 36 जिलों के 37,430 मौजों में जारी है सर्वेक्षण

बैठक में विभाग के सचिव जय सिंह ने कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, गुणवत्ता से समझौता न करने और समस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर दिया। वहीं, भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत ने बताया कि दूसरे चरण में राज्य के 36 जिलों के 444 अंचलों के 37,430 मौजों में सर्वेक्षण कार्य चल रहा है, जिसके तहत कुल 8,70,24,440 खेसरों का सर्वेक्षण होना है और 6,772 अमीन कार्यरत हैं।


बैठक में वरिष्ठ अधिकारी व बंदोबस्त पदाधिकारी रहे उपस्थित, लक्ष्य से पीछे रहने वाले जिलों पर नजर

समीक्षा बैठक में सचिव सीमा त्रिपाठी, सहायक निदेशक सुबोध कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश सहित सभी जिलों के बंदोबस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री के निर्देश के अनुसार अब माहवार निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा, जिससे लक्ष्य के अनुरूप काम करने वाले और पीछे रहने वाले जिलों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


निर्धारित समय सीमा में सर्वेक्षण पूरा करने व जवाबदेही तय करने की कवायद

दैनिक रिपोर्टिंग और मासिक समीक्षा की व्यवस्था से सर्वेक्षण कार्यों में आने वाली बाधाओं की समय रहते पहचान व समाधान की उम्मीद जताई गई है। विभाग स्तर पर निर्धारित लक्ष्यों और गुणवत्ता के साथ अभियान को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।