Bihar Political News : मंत्री संतोष सुमन ने राहुल गाँधी पर किया हमला, कहा दूसरे देशों में अपने देश की कर रहे आलोचना
Bihar Political News : बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने कांग्रेस नेता राहुल गाँधी पर जमकर हमला बोला है. कहा की वे अपने देश की छवि खराब कर रहे हैं......पढ़िए आगे
PATNA : हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की उपलब्धियों और सामर्थ्य की चर्चा करने के बजाय बार-बार दूसरे देशों की प्रशंसा और अपने ही देश की आलोचना कर रहे हैं, जो निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।
डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि जिस देश ने गांधी परिवार को दशकों तक सत्ता, पद और प्रतिष्ठा दी, उसी देश के विरुद्ध विदेशों में जाकर नकारात्मक बयान देना राजनीतिक हताशा और कृतघ्नता को दर्शाता है। चुनाव में पराजय को लोकतंत्र की स्वाभाविक प्रक्रिया मानने के बजाय, उसके बाद भारत की छवि को नुकसान पहुँचाने का प्रयास करना राष्ट्रहित के विरुद्ध है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष का दायित्व है कि वह देश के भीतर रहकर जनहित के मुद्दों पर सरकार की आलोचना करे। विदेशों में जाकर भारत के लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और सामाजिक ताने-बाने पर सवाल उठाना किसी भी जिम्मेदार और परिपक्व राजनीतिक नेतृत्व को शोभा नहीं देता।
डॉ. सुमन ने आगे कहा कि राहुल गांधी की राजनीति अब सकारात्मक विकल्प देने के बजाय नकारात्मक प्रचार तक सीमित हो गई है। इससे न तो लोकतंत्र मजबूत होता है और न ही देश की प्रतिष्ठा बढ़ती है। देश की आलोचना सुधार के उद्देश्य से होनी चाहिए, न कि वैश्विक मंचों पर भारत को बदनाम करने के लिए।