Bihar News: टेंडर किंग रिशु श्री पर कसा शिकंजा, मंत्री सुनील कुमार बोले- साक्ष्य मिलते ही होगी कार्रवाई, किसी को नहीं मिलेगा संरक्षण
Bihar News: कथित टेंडर किंग रिशु श्री से जुड़े बहुचर्चित मामले को लेकर बिहार सरकार के मंत्री सुनील कुमार ने बड़ा बयान दिया है।
Bihar News: कथित टेंडर किंग रिशु श्री से जुड़े बहुचर्चित मामले को लेकर बिहार सरकार के मंत्री सुनील कुमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले की जांच विशेष निगरानी इकाई द्वारा की जा रही है और जांच एजेंसियां पूरी स्वतंत्रता के साथ अपना काम कर रही हैं। सरकार की ओर से किसी भी आरोपी को संरक्षण देने का सवाल ही नहीं उठता। मंत्री ने कहा कि इस मामले में रिशु श्री की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच के दौरान दो अधिकारियों को भी निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र जांच एजेंसियां अपने स्तर पर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करती हैं और जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, वैसे-वैसे आगे की कार्रवाई भी होती जाएगी।
सुनील कुमार ने विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष का काम अपनी बात रखना है, लेकिन बिहार सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार लगातार पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार की मंशा किसी भी व्यक्ति को बचाने की नहीं है। यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है।
बता दें कि रिशु श्री पर सरकारी टेंडरों में कथित हेराफेरी, मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध संपत्ति अर्जित करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार उस पर अपनी कंपनियों को सरकारी ठेके दिलाने के लिए अधिकारियों को कथित रूप से प्रभावित करने और भ्रष्टाचार के जरिए लाभ लेने के आरोप हैं। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय और अन्य जांच एजेंसियां भी इस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही हैं। जांच के दौरान कई प्रभावशाली लोगों और अधिकारियों से जुड़े कथित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि अंतिम निष्कर्ष और किसी भी व्यक्ति की कानूनी जिम्मेदारी जांच पूरी होने तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही तय होगी। फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल मामले पर पूरे बिहार की नजर टिकी हुई है और जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
रिपोर्ट-अभिजीत सिंह