बिहार में आधुनिक फॉरेंसिक व्यवस्था का हो रहा विस्तार, पटना व राजगीर में बनेंगी साइबर फॉरेंसिक इकाइयां, पुनपुन में NFSU की पहल

Bihar News : बदलते दौर में डिजिटल और सुनियोजित अपराधों की बढ़ती चुनौतियों के बीच अपराध अनुसंधान को वैज्ञानिक और पारदर्शी बनाने में विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की भूमिका बेहद अहम हो गई है।

फॉरेंसिक व्यवस्था का विस्तार- फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : आधुनिक समय में अपराध के स्वरूप में लगातार बदलाव हो रहा है। निगरानी और कानून-व्यवस्था में सुधार के कारण कई पारंपरिक अपराधों के स्वरूप में बदलाव आया है, वहीं डिजिटल और सुनियोजित अपराधों की चुनौतियां तेजी से बढ़ी हैं। ऐसे में केवल प्रत्यक्षदर्शियों के बयान या पारंपरिक जांच के आधार पर हर अपराध की सच्चाई तक पहुंचना संभव नहीं होता। ऐसी परिस्थितियों में फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। यह अपराध स्थल से मिले भौतिक, जैविक और डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर अपराधियों की पहचान करने और उन्हें सजा दिलाने में मदद करती है। अनुमानों और बयानों के बजाय ठोस एवं वस्तुनिष्ठ प्रमाण उपलब्ध कराकर यह न्याय प्रक्रिया को मजबूत बनाती है। किसी भी आपराधिक घटना की सच्चाई सामने लाने और दोषियों को कानून के दायरे में लाने में विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) की अहम भूमिका होती है। यहां वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण कर अपराधियों की पहचान करने, उनके खिलाफ आरोपों को साबित करने और निर्दोष लोगों को गलत आरोपों से बचाने में सहायता मिलती है। राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला, पटना के अलावा वर्तमान में तीन क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशालाएं मुजफ्फरपुर, भागलपुर एवं राजगीर में कार्यरत हैं। इसके अलावा नौ पुलिस प्रक्षेत्रों पूर्णिया, रोहतास, बेतिया, गयाजी, सहरसा, सारण, मुंगेर, बेगूसराय एवं दरभंगा में क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशालाओं के निर्माण स्वीकृत हैं, रोहतास, सारण, सहरसा एवं दरभंगा को छोड़कर सभी भवन हस्तांतरित हो चुके हैं। गृह विभाग द्वारा क्षेत्रीय विधि प्रयोगशालाएं पूर्णिया, मुंगेर, गयाजी एवं सारण को कार्यरत बनाने के लिए निदेशक का पदस्थापन कर दिया गया है। क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला पूर्णिया के लिए उपकरणों का भी क्रय कर लिया गया है एवं शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाना है।

साइबर फॉरेंसिक की दो इकाइयां होंगी स्थापित

बिहार में फॉरेंसिक जांच व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में विधि विज्ञान प्रयोगशाला, पटना और क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला, राजगीर में साइबर फॉरेंसिक की एक-एक इकाई स्थापित की जाएगी। इस प्रकार कुल दो इकाइयों को स्थापित कर क्रियाशील बनाने के लिए राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) की सेवाएं परामर्शी के रूप में लेने का प्रस्ताव है। इस संबंध में निर्णय लिया जाना है।

घटनास्थल से जुटाए जाते हैं महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य

किसी अपराध के बाद घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्य जांच की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। फोरेंसिक टीम घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट, बाल, कपड़े, हथियार, कारतूस और अन्य संदिग्ध वस्तुओं के साथ जैविक साक्ष्य एकत्र करती है। इनका वैज्ञानिक परीक्षण कर अपराध से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाया जाता है। हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में जैविक नमूनों और डीएनए परीक्षण से संदिग्धों की पहचान करने तथा विभिन्न साक्ष्यों के बीच संबंध स्थापित करने में मदद मिलती है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के अलावा चिकित्सकीय जांच के दौरान डॉक्टरों द्वारा एकत्र किए गए नमूनों का भी प्रयोगशाला में परीक्षण किया जाता है।

हथियार, गोली और विस्फोटक पदार्थों की जांच

आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल किए गए हथियार, गोली, कारतूस और विस्फोटक पदार्थों का भी विधि विज्ञान प्रयोगशाला में वैज्ञानिक परीक्षण किया जाता है। बैलिस्टिक जांच के माध्यम से गोली चलाने में इस्तेमाल किए गए हथियार और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के बीच संबंध स्थापित करने में मदद मिलती है। इसके अलावा, गोली चलने की दूरी और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों का भी वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाता है। इससे हत्या, गोलीबारी और विस्फोट जैसी घटनाओं की जांच में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। वहीं रासायनिक प्रयोगशाला में जहरीले पदार्थों, मादक पदार्थों, शराब, संदिग्ध रसायनों और अन्य पदार्थों की जांच की जाती है। निगरानी एवं भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में रंगे हाथों पकड़े गए आरोपियों से प्राप्त संदिग्ध रासायनिक नमूनों का भी परीक्षण किया जाता है। इसके अलावा, भवन निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सीमेंट, कंक्रीट और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से जुड़े मामलों में भी वैज्ञानिक जांच उपयोगी साबित होती है। कई बार अपराध की पूरी घटना को समझने के लिए घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्निर्माण भी किया जाता है। इसके तहत उपलब्ध साक्ष्यों, घटनास्थल की स्थिति, हथियारों और अन्य वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर यह समझने का प्रयास किया जाता है कि घटना किस तरह हुई होगी। इससे अनुसंधान को सही दिशा देने और घटनाक्रम की पुष्टि करने में मदद मिलती है।

साइबर एवं डिजिटल फॉरेंसिक से डिजिटल अपराधों पर कार्रवाई

वर्तमान समय में साइबर अपराधों की चुनौतियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, डिजिटल पहचान की चोरी, क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े अपराध और डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने जैसे मामलों में साइबर फॉरेंसिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। मोबाइल फोन, कंप्यूटर, हार्ड डिस्क, डिजिटल रिकॉर्ड, ऑडियो और वीडियो का वैज्ञानिक परीक्षण कर महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जुटाए जाते हैं। इससे पुलिस को अपराधियों तक पहुंचने और न्यायालय में वैज्ञानिक साक्ष्य प्रस्तुत करने में मदद मिलती है।

जाली नोट, दस्तावेज और डीएनए जांच में भी उपयोगी

जाली नोटों, हस्ताक्षरों, फर्जी दस्तावेजों और अन्य संदिग्ध अभिलेखों की वैज्ञानिक जांच भी विधि विज्ञान प्रयोगशाला में की जाती है। इसके अलावा, बच्चों की पहचान करने और बिछड़े हुए बच्चों का उनके जैविक परिजनों से संबंध स्थापित करने में भी डीएनए परीक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे वैज्ञानिक परीक्षण न्यायालय को निष्पक्ष निर्णय लेने में सहायता प्रदान करते हैं।

बिहार में आधुनिक फॉरेंसिक व्यवस्था को मजबूत करने की पहल

अपराध अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बिहार में विधि विज्ञान और डिजिटल जांच की क्षमताओं को मजबूत किया जा रहा है। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी की पहल और केंद्र सरकार के सहयोग से पटना के पुनपुन में राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) की स्थापना की दिशा में पहल की जा रही है। इसके साथ ही केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) की स्थापना के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इन संस्थानों की स्थापना से फॉरेंसिक शिक्षा, विशेषज्ञता, प्रशिक्षण और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे राज्य में आधुनिक वैज्ञानिक जांच व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।  विधि विज्ञान प्रयोगशाला आधुनिक पुलिसिंग का एक महत्वपूर्ण आधार है। इसका उद्देश्य केवल अपराधियों की पहचान करना ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई सामने लाना, निर्दोष व्यक्तियों को गलत आरोपों से बचाना और न्यायालय को निष्पक्ष निर्णय लेने में सहायता प्रदान करना भी है। वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक तकनीक के समन्वय से कानून का शासन स्थापित करने तथा आम लोगों का सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत करने में फॉरेंसिक व्यवस्था की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।