मोकामा विधायक अनंत सिंह ने किया रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण, जर्जर भवन की मरम्मत के दिए निर्देश

मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह ने अचानक मोकामा रेफरल अस्पताल पहुंचकर वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। वही इस दौरान अस्पताल के भवन के जर्जर हालत पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तुरंत मरम्मत कार्य शुरु करने के निर्देश दिए...

मोकामा विधायक अनंत सिंह ने किया रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण- फोटो : रवि शंकर

Patna : मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह ने अचानक मोकामा रेफरल अस्पताल पहुंचकर वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने अस्पताल परिसर, मरीज वार्डों और प्रशासनिक भवन का बारीकी से मुआयना किया। अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था में तुरंत सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए।


अस्पताल के जर्जर भवन और टपकती छत पर जताई नाराजगी 

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल के जर्जर हो चुके भवन की स्थिति देखी। दीवारों में आई बड़ी-बड़ी दरारों, बारिश में टपकती छत और बुनियादी ढांचे के अभाव पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। विधायक अनंत सिंह ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को अस्पताल भवन के जीर्णोद्धार और मरम्मत कार्य को अविलंब शुरू कराने का आदेश दिया ताकि मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


स्थानीय लोगों ने उठाई ब्लड बैंक और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग 

अस्पताल परिसर में निरीक्षण के दौरान मोकामा मोलदियार निवासी मदन सिंह और राहुल आनंद ने विधायक से मुलाकात की। उन्होंने विधायक के समक्ष अस्पताल में ब्लड बैंक की स्थापना करने तथा मरीजों को मिलने वाली आवश्यक दवाओं व स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग रखी। विधायक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के त्वरित समाधान का पूरा आश्वासन दिया।


स्थानीय लोगों में जगी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद 

क्षेत्रीय विधायक के इस औचक निरीक्षण के बाद स्थानीय ग्रामीणों और मरीजों में एक नई उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि विधायक के कड़े रुख और हस्तक्षेप के बाद अब रेफरल अस्पताल की हालत में निश्चित रूप से सुधार होगा। इससे मोकामा और आसपास के ग्रामीण इलाकों से आने वाले गरीब मरीजों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर और सुलभ इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

रवि शंकर की रिपोर्ट