पानी गिराने के विवाद में बहा खून ... मोकामा के पचमहला में महिला सहित गर्भस्थ शिशु की मौत, घंटों सड़क जाम
मोकामा के पचमहला में पानी गिराने का पुराना विवाद देखते ही देखते खुनी संघर्ष में बदल गया. नतीजा हुआ कि एक महिला की हत्या हो गई जबकि इसी संघर्ष में घायल गर्भवती महिला के 4 महीने का शिशु भी दम तोड़ दिया
Bihar News : पटना जिले के मोकामा इलाके में पचमहला थाना क्षेत्र में पानी गिराने और रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना खूनी हो गया कि एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई, जबकि मारपीट में एक गर्भवती महिला के गर्भ में पल रहे चार माह के शिशु की भी मौत हो गई। घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं। वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-80 को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना पंचमहला थाना क्षेत्र की नौरंगा जलालपुर पंचायत के बाहापर गांव की है। मृतका की पहचान 60 वर्षीय शांति देवी, पत्नी स्वर्गीय रामस्वरूप शर्मा, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नाले का पानी गिराने और रास्ते को लेकर शांति देवी और पड़ोसी सोनू कुमार के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
घर में घुसकर हमला करने का आरोप
शांति देवी के पुत्र के अनुसार, इसी विवाद को लेकर पंचमहला थाने में पहले लिखित शिकायत भी दी गई थी। शनिवार रात करीब आठ बजे सोनू कुमार कथित तौर पर 6-7 लोगों के साथ उनके घर पहुंचा। आरोप है कि सभी लोग घर में घुस गए और शांति देवी समेत परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में शांति देवी को गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं उनके पुत्र विपुल कुमार और महेश शर्मा तथा पुत्रवधू फूलो देवी और आरती देवी घायल हो गईं।
गर्भस्थ बच्चे की मौत
घटना के दौरान गर्भवती आरती देवी के साथ भी मारपीट की गई। परिजनों के अनुसार, आरती के गर्भ में चार माह का बच्चा पल रहा था। मारपीट के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और देर रात गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हिया पहुंचाया।
गुस्साए ग्रामीणों ने दो बार किया सड़क जाम
बुजुर्ग महिला की हत्या के बाद शनिवार रात परिजनों और ग्रामीणों ने NH-80 को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे बाद समझाने-बुझाने पर जाम समाप्त कराया गया। रविवार सुबह गर्भस्थ बच्चे की मौत की जानकारी सामने आने के बाद परिजन और ग्रामीण फिर आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर दिया। करीब ढाई घंटे बाद स्थानीय लोगों और पुलिस-प्रशासन के समझाने पर जाम हटाया गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में मुख्य आरोपी बताए जा रहे सोनू कुमार के अलावा उसके पिता, मां और एक रिश्तेदार शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।