पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई:कार के गुप्त तहखाने में मिला लाखों का गांजा,लेडी तस्कर कनक देवी समेत 2 गिरफ्तार

सिमरिया-बख्तियारपुर फोरलेन पर एक लक्जरी गाड़ी के गुप्त तहखाने से लाखों रुपये का गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से पटना की लेडी तस्कर कनक देवी और जलेश्वर यादव को गिरफ्तार किया है। यह खेप कटिहार से राघोपुर (वैशाली) ले जाई जा रही थी।

मोकामा में लक्जरी कार से लाखों का गांजा बरामद, लेडी तस्कर कनक देवी गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के मोकामा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिमरिया-बख्तियारपुर फोरलेन स्थित शिवनार मोड़ के पास एक लक्जरी गाड़ी को रोककर तलाशी ली। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि गाड़ी के जरिए अवैध पदार्थ की तस्करी की जा रही है। मौके पर मजिस्ट्रेट लवली कुमारी की मौजूदगी में वाहन की सघन चेकिंग की गई।


गाड़ी के विशेष तहखाने से मिला लाखों का गांजा

पुलिस की गहन तलाशी के दौरान लक्जरी गाड़ी के अंदर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने का पर्दाफाश हुआ। इस तहखाने में छुपाकर रखे गए गांजे के कई पैकेट बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।


पटना के दो तस्कर गिरफ्तार, राघोपुर भेजी जा रही थी खेप

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गाड़ी में सवार लेडी तस्कर कनक देवी और उसके सहयोगी जलेश्वर यादव को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि लेडी तस्कर कनक देवी पटना की रहने वाली है, जबकि जलेश्वर यादव पटना के काला दियारा ग्यासपुर का निवासी है। गांजा की यह बड़ी खेप कटिहार से वैशाली जिले के राघोपुर पहुंचाई जा रही थी।


वाहन की तलाशी जारी, पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई 

गांजा बरामदगी और दोनों तस्करों की गिरफ्तारी के बाद भी मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गाड़ी की बारीकी से जांच और तलाशी ले रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस अंतरजिला तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।

बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट