Bihar Officer Transfer : बिहार में बड़े पैमाने पर मोटरयान निरीक्षकों का हुआ तबादला, परिवहन विभाग ने जारी की अधिसूचना

Bihar Officer Transfer : बिहार में बड़े पैमाने पर एमवीआई का तबादला किया गया है. इसके लिए परिवहन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गयी है......पढ़िए आगे

एमवीआई का तबादला - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार सरकार के परिवहन विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मोटरयान निरीक्षकों (MVI) का बड़े पैमाने पर तबादला किया है। इस संबंध में विभाग द्वारा अधिसूचना जारी किया गया है। स्थानांतरित अधिकारियों को राज्य के विभिन्न जिलों, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार (RTA) कार्यालयों और विभिन्न जांच चौकियों (चेक पोस्ट) पर नए दायित्वों के साथ पदस्थापित किया गया है।   

विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, नव-पदस्थापित एमवीआई को विभिन्न कार्य प्रभार आवंटित किए गए हैं, जिनमें टैक्सेशन, ए.पी.+ ट्रांसफर और रजिस्ट्रेशन, परमिट, लर्निंग व ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, सड़क सुरक्षा और प्रदूषण जांच जैसे महत्वपूर्ण प्रभाग शामिल हैं। पटना, भागलपुर, गया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पूर्णिया, वैशाली, औरंगाबाद, भोजपुर और दरभंगा सहित राज्य के लगभग सभी जिलों में नए निरीक्षकों की तैनाती की गई है।   

जिलों के अलावा क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार (RTA) कार्यालयों जैसे गया, पटना, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में भी निरीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके साथ ही राज्य की सीमावर्ती एवं महत्वपूर्ण जांच चौकियों जैसे पूर्णिया चेक पोस्ट, गया चेक पोस्ट, गोपालगंज चेक पोस्ट, नवादा चेक पोस्ट और कैमूर चेक पोस्ट पर भी अधिकारियों को तैनात किया गया है, ताकि वाहनों की जांच व राजस्व वसूली प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।   परिवहन विभाग के उप सचिव द्वारा जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह स्थानांतरण आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और पूर्व में निर्गत इससे संबंधित आदेशों को इस हद तक संशोधित माना जाएगा। इसके अलावा, नवनियुक्त मोटरयान निरीक्षक अपना आवश्यक प्रशिक्षण पूरा करने के उपरांत आवंटित कार्यों का निष्पादन प्रारंभ करेंगे।   

आदेश में यह भी निर्देश दिया गया है कि जिन मोटरयान निरीक्षकों को पूर्व में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) के पद का उच्चतर प्रभार प्रदान किया गया था, वे तत्काल प्रभाव से विभाग के मुख्यालय में अपना योगदान समर्पित करना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही एनआईसी को नवपदस्थापित अधिकारियों के लिए वाहन और सारथी पोर्टल हेतु आवश्यक यूजर आईडी और पासवर्ड निर्गत करने का अनुरोध किया गया है।