Bihar Politics: पटना पहुंचे ही नीतीश सरकार पर भड़के सांसद पप्पू यादव, नालंदा घटना पर घेरा

Bihar Politics: बिहार के नालंदा में हालिया घटना को लेकर सांसद पप्पू यादव ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं केवल भीड़ या संयोग का परिणाम नहीं, बल्कि व्यवस्थागत कमी और खराब प्रबंधन का नतीजा हैं। पप्पू यादव ने कहा कि देशभर में इस तरह की भगदड़ और अव्यवस्था की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मंदिर प्रबंधन और आयोजकों की जिम्मेदारी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भक्तों के साथ समुचित और व्यवस्थित तरीके से व्यवहार नहीं किया जाता, जिससे असंतोष बढ़ता है और भगदड़ जैसी स्थिति बनती है।

नालंदा घटना पर भड़के सांसद

उन्होंने समाज में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर भी चिंता जताई। सांसद ने कहा कि देश में महिलाओं और बच्चियों के साथ हो रही घटनाएं बेहद शर्मनाक हैं और समाज की मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नशाखोरी, असामाजिक तत्वों की बढ़ती संख्या और समाज की चुप्पी ऐसे अपराधों को बढ़ावा दे रही है।

सरकार से स्पीडी ट्रायल की मांग

पप्पू यादव ने सरकार से मांग की कि महिलाओं और बच्चियों के साथ होने वाले अपराधों में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को सख्त सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित न्याय बेहद जरूरी है, ताकि समाज में डर का माहौल बने और अपराधों पर लगाम लगे। सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार और विपक्ष दोनों ही जनता के मूल मुद्दों से भटक गए हैं। उन्होंने बिहार में गैस की समस्या, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर चर्चा न होने पर नाराजगी जताई।

जदयू के नेता संभाले बिहार 

उन्होंने कहा कि जनता ने जनादेश नीतीश कुमार को दिया है, लेकिन वर्तमान हालात में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पप्पू यादव ने कहा कि वो चाहते हैं कि जदयू के ही कोई नेता बिहार की कमान संभाले। पप्पू यादव ने कहा कि समाज और व्यवस्था दोनों को मिलकर सुधार की दिशा में काम करना होगा, तभी इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।

पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट