Bihar politics - मुकेश सहनी ने इस सीट पर पेश की अपनी दावेदारी, कहा - हर कीमत पर हमारी पार्टी ही लड़ेगी
Bihar politics - VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि महागठबंधन में सबकुछ ठीक है। साथ ही उन्होंने एक खास सीट पर अपनी दावेदारी भी की है।
Patna - विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने आज दावा करते हुए कहा कि महागठबंधन में सीटों को लेकर कोई विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि वीआईपी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
आज मुजफ्फरपुर पहुंचे 'सन ऑफ मल्लाह' के नाम से चर्चित मुकेश सहनी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महागठबंधन में सीट को लेकर कोई विवाद नहीं है। महागठबंधन इस बार सरकार बनाएगा और आने वाले दिनों में गरीब, पिछड़े के साथ हो रहे अत्याचार और अन्याय को समाप्त कर उन्हें न्याय देने का काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी दलों की इच्छा होती है कि ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़े, लेकिन 243 सीटों में ही हिस्सेदारी होनी है, यह सबको पता है। महागठबंधन में शामिल दलों के लिए सीट मायने नहीं, सभी का लक्ष्य सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि हमलोग 365 दिन काम करने वाले लोग हैं और जनता के सुख-दुख में शामिल होते रहे हैं। मुजफ्फरपुर तो हमारा घर आंगन रहा है।
श्री सहनी ने साहेबगंज सीट पर अपनी दावेदारी करते हुए कहा कि हमारी पार्टी यहां 2020 में चुनाव लड़ी थी और विजयी हुई थी। इस बार भी हमारी पार्टी यहां से चुनाव लड़ेगी। जो जीतकर पार्टी के साथ गद्दारी किए हैं, उसे इस चुनाव में सबक सिखाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में हमारे कार्यकर्ता और समाज एकजुट हैं और धोखा देने वालों से बदला लेने के लिए तैयार हैं। इस चुनाव में हमारी जीत तय है।