Bihar News : नालंदा मेडिकल कॉलेज का 57 वां स्थापना दिवस कल, एलुमनी मीट में जुटेंगे देश-विदेश के डॉक्टर

PATNA : “यादों का संगम, गौरव का उत्सव” थीम के साथ नालंदा मेडिकल कॉलेज (एनएमसी) का 57 वां स्थापना दिवस सह एलुमनी मीट 2026 का आयोजन 2 अप्रैल को कॉलेज परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे से होगी, जिसमें देश-विदेश से 500 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राओं (एलुमनी) के शामिल होने की संभावना है।एलुमनी सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. दिवाकर तेजस्वी ने बताया कि आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह से ही एलुमनी का आगमन शुरू हो जाएगा, जिससे पूरा परिसर पुरानी यादों और अपनत्व के माहौल में रंग जाएगा।

सोसायटी के सचिव डॉ. सुनील कुमार और कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अजय कुमार के अनुसार, इस अवसर पर 1976 बैच के उन चिकित्सकों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, जिनके एमबीबीएस प्रवेश के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। यह संस्थान की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक होगा। आयोजन सचिव डॉ. पुनीत कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में कॉलेज के पूर्व वरिष्ठ फैकल्टी सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिनके योगदान से संस्थान की मजबूत नींव पड़ी। साथ ही एलुमनी स्मारिका का लोकार्पण भी किया जाएगा, जिसमें कॉलेज की समृद्ध विरासत को संजोया गया है।

आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. मनीष शंकर और ऑस्ट्रेलिया से आए डॉ. आशीष कुमार ने बताया कि इस भव्य आयोजन में भावनाओं, यादों और पीढ़ियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। समिति ने कॉलेज की प्राचार्य डॉ. उषा कुमारी, अधीक्षक डॉ. रश्मि प्रसाद, वरिष्ठ फैकल्टी और प्रशासनिक स्टाफ के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। डॉ. दिवाकर तेजस्वी ने विशेष रूप से प्राचार्य का धन्यवाद किया, जिन्होंने एलुमनी सोसायटी के लिए प्रशासनिक भवन के तृतीय तल पर स्थायी कक्ष आवंटित किया है।

शाम 7 बजे ऊर्जा ऑडिटोरियम में रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें रितिका राज का विशेष गायन आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके बाद भव्य गाला डिनर का भी आयोजन किया गया है। यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि एनएमसी की समृद्ध विरासत, आपसी जुड़ाव और गौरव को संजोने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।