पटना में विवाहिता की संदिग्ध मौत: हत्या कर शव गायब करने का आरोप, गर्भवती थी नेहा

पटना के नौबतपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद ससुराल पक्ष पर शव गायब करने का आरोप लगा है। मृतका नेहा कुमारी गर्भवती थी और उसके मायके वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है।

Patna - पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़की टेंगरैला गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान नेहा कुमारी (पति सुजीत कुमार) के रूप में हुई है। नेहा के मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को गायब कर दिया है। मृतका जहानाबाद जिले के पाली थाना क्षेत्र स्थित सैदाबाद गांव की रहने वाली थी, जिसकी शादी साल 2024 में सुजीत कुमार के साथ हुई थी। 

फोन पर मिली सूचना और बंद मिला घर

मृतका की माँ लैलून देवी ने बताया कि बुधवार की सुबह उन्हें ससुराल की ओर से फोन आया कि उनकी बेटी ने फांसी लगा ली है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। आनन-फानन में जब मायके वाले बड़की टेंगरैला पहुंचे, तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। नेहा के ससुराल के घर पर ताला लटका हुआ था और परिवार का कोई भी सदस्य वहां मौजूद नहीं था। परिजनों ने जब ग्रामीणों से पूछताछ की, तो पता चला कि नेहा को पंखे से लटका देखा गया था, लेकिन उसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी किसी ने नहीं दी। 

गर्भवती थी नेहा, परिजनों ने जताया हत्या का संदेह

परिजनों के अनुसार, नेहा गर्भवती थी और उसके ससुराल वालों के व्यवहार को लेकर पहले भी कुछ चिंताएं थीं। परिजनों का सीधा आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने कहा कि अगर नेहा ने आत्महत्या की होती, तो ससुराल वाले उसे अस्पताल लेकर जाते और मायके वालों का इंतजार करते, न कि शव लेकर फरार होते और घर में ताला लगाते। शव का गायब होना इस मामले को और अधिक संदिग्ध बना रहा है। 

पुलिस की कार्रवाई और प्राथमिक जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। नौबतपुर थाना में मृतका की माँ ने लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस की एक टीम गांव में जाकर मामले की छानबीन कर चुकी है, लेकिन ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य पुलिस के हाथ नहीं लगा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर शव की तलाश में जुटी है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके। 

थाना प्रभारी का बयान

नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि कानून अपना काम करेगा और यदि हत्या या साक्ष्य छुपाने की बात साबित होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

रिपोर्ट - सुमित कुमार